० मध्य भारत के कृषि निर्यात क्षेत्र में क्रांतिकारी योगदान के लिए किया गया सम्मान
नरसिंहपुर (दावा)। संस्कारधानी के प्रतिष्ठित समाजसेवी रमेश जैन के सुपुत्र मयूर जैन (निदेशक, श्री गुरुदेव एग्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड) का आज नरसिंहपुर में आयोजित मध्यप्रदेश इन्वेस्टर समिट 2025 के अंतर्गत भव्य राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में कृषि एवं प्रसंस्करण उद्योग में अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में प्रमुख सचिव, उद्योग विभाग, एमपीआईडीसी के एमडी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संस्कारधानी के युवा उद्यमी मयूर जैन, जिन्होंने मात्र 21 वर्ष की आयु में चार्टर्ड अकाउंटेंसी उत्तीर्ण कर व्यवसाय की शुरुआत की, ने मध्य भारत की पहली 100 प्रतिशत निर्यात उन्मुख गैर-बासमती परबॉयल्ड राइस मिल की स्थापना कर किसान से लेकर विदेशी खरीददार तक की पूरी सप्लाई चेन को जोडऩे का कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान मयूर जैन ने मंच पर सभी माननीयों से मुलाकात की, दस्तावेज सौंपे और सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र एवं सराहना प्राप्त की। मंच पर केंद्रीय मंत्री श्री पटेल द्वारा उनके प्रस्तावों की सराहना करते हुए कागजातों की समीक्षा भी की गई। जैन ने सभी अतिथियों को हाथ जोडक़र अभिवादन किया, जिससे उनकी विनम्रता और संस्कारों की झलक दिखी। उनकी अगुवाई में जल्द ही बालाघाट जिले के सालेटेकरी में एक मेगा फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना होने जा रही है, जो क्षेत्र में रोजगार व निर्यात दोनों के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा, मयूर जैन जैसे युवा उद्यमी आत्मनिर्भर भारत के वास्तविक प्रतिनिधि हैं। इनके विचार, ऊर्जा और समर्पण से प्रदेश को वैश्विक कृषि मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
यह कार्यक्रम न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक था, बल्कि मध्यप्रदेश की युवा नेतृत्व में औद्योगिक क्रांति की दिशा में बढ़ते कदमों का सार्वजनिक साक्ष्य भी था।



