Home छत्तीसगढ़ जयपुर में कारगिल विजय दिवस समारोह में नगर के शिव शंकर जोशी...

जयपुर में कारगिल विजय दिवस समारोह में नगर के शिव शंकर जोशी को मिला विजय श्री सम्मान …

40
0

जयपुर/राजनांदगांव (दावा)। ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा और स्वास्थ्य जनजागरूकता अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) के प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य शिव शंकर जोशी को जयपुर में आयोजित 26वें कारगिल विजय दिवस समारोह में ‘विजय श्री अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें आदिवासी क्षेत्रों में नि:शुल्क उपचार, जड़ी-बूटियों की जानकारी, योग और प्राकृतिक जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु वर्षों से किए जा रहे समर्पित प्रयासों के लिए दिया गया है। जोशी ने सैकड़ों गांवों में पहुंचकर न केवल इलाज किया, बल्कि लोगों को यह भी सिखाया कि ‘बीमारी से लडऩा नहीं, समझदारी से बचना जरूरी है।’

उनका यह कार्य केवल उपचार तक सीमित नहीं रहा, उन्होंने भारतीय चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों में विश्वास और जागरूकता जगाई। उनके अनुसार आयुर्वेद केवल इलाज नहीं, एक जीवन दर्शन है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ करता है। जोशी का मानना है कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद सबसे सुलभ और स्थायी समाधान बन सकता है, यही विचार उनके कार्य की प्रेरणा भी है।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान
शिव शंकर जोशी को यह सम्मान पाकर पूरे राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ को गर्व की अनुभूति हुई है। यह संदेश भी गया कि एक साधारण नागरिक, यदि सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करे, तो वह भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकता है।

कारगिल विजय दिवस की गरिमा में चार चांद
इस सम्मान समारोह का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच एवं राष्ट्रीय समता स्वतंत्र मंच के तत्वावधान में जयपुर के रोटरी क्लब में किया गया। कार्यक्रम में देशभर से समाजसेवियों, चिकित्सकों और शिक्षाविदों को आमंत्रित किया गया था। समारोह के दौरान कारगिल युद्ध के 527 वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और राष्ट्र की अखंडता हेतु संकल्प लिया गया।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
पूर्व शिक्षा मंत्री किशोर शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, महामंडलेश्वर डॉ. अनीता योगेन्द्र गिरि, चांसलर इंटरनेशनल रोमा कल्चर यूनिवर्सिटी नई दिल्ली डॉ.हुकमचंद गणेशिया सहित कई गणमान्य अतिथि। अंतर्राष्ट्रीय आमंत्रण- सम्मानित शिव शंकर जोशी सहित अन्य विशिष्ट प्रतिभाओं को आगामी 25 दिसंबर 2025 को नेपाल के काठमांडू में आयोजित भारतरत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जयंती समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। शिव शंकर जोशी का यह सम्मान आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा को नया आयाम देने और भारतीय चिकित्सा प्रणाली को पुनस्र्थापित करने वाले प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। वह आज उन लोगों के लिए प्रेरणा हैं जो बिना किसी प्रचार के, मूल्य आधारित और समर्पित सेवा के मार्ग पर कार्य कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here