Home छत्तीसगढ़ सावन के अंतिम सोमवार को संस्कारधानी हुई शिव मय…

सावन के अंतिम सोमवार को संस्कारधानी हुई शिव मय…

64
0

० महाकाल पालकी यात्रा की रही धूम, भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
० जगह-जगह पूजा-अर्चना और स्वागत सत्कार के लिए बिछें पलक- पांवड़े

राजनांदगांव (दावा)। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को संस्कारधानी नगरी शिव भक्ति से सनी रही। सुबह से ही जहां शिव कांवडि़ए शिवनाथ नदी से कांवर में बोल बम के उच्चार से शहरवासियों को जगाया वहीं भगवान भोलेनाथ की पूजा के लिए सुबह से ही भक्त जन शिवालयों में जुटे रहे। सोमवार को दिनभर भगवान भोलेनाथ शिव की पूजा अर्चना की बयार बही। लोगों ने भगवान शिव के विग्रह लिंग-पिंड का जलाभिषेक दुग्धाभिषेक कर बेलपत्र, धतुरा, कनेर पुष्प व हार फूल चढ़ाए और भगवान भोलेनाथ से अपने घर परिवार की खुशहाली की दुआएं मांगी। कन्याओं ने भगवान शिव की पूरे मनोयोग से पूजा आराधना कर मनोवांछित वर की प्रार्थना की। इस दौरान शहर के विभिन्न शिवालयों में भक्ति-भाव का वातावरण बना रहा।

 

महिलाओं द्वारा शिव भक्ति से पूरित भजन-कीर्तन व रामायण गायन के आयोजन किए गए, वहीं मंदिरों में श्रावण मास के देवता भगवान भोलेनाथ को मनाने के लिए पुरुष जनों ने महामृत्युंजय मंत्र का जाप, शिव स्रोत का पठन व शिव चालीसा के पाठ सहित पंचाक्षरी मंत्र का जाप किया गया। इस दौरान माहौल में हर-हर महादेव व जय-जय शिव शंकर का नाद गुंजायमान बना रहा। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर शहर के बाजार में दूध-दही मेवा-मिष्ठान से लेकर पूजन सामग्रियों की अच्छी मांग बनी रही, बाजार इससे गुलजार बना रहा।


बाबा महाकाल की पालकी यात्रा की रही धूम
शहर में श्रावण मास भर महाकाल सेना की बाबा श्री चंद्रमौलेश्वर महाकाल के पगड़ी यात्रा की धूम बनी हुई है। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शहर में बाबा इसकी पालकी यात्रा धूमधाम से निकाली गई। शहर की माता देवाला शीतला मंदिर से बाबा महाकाल की पूजा मंदिर के पुजारी राजू दूबे व पुरोहित परिवार सहित पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, महाकाल सेना के पवन डागा राजू डागा आदि के द्वारा की गई। वहीं बाजे-गाजे व आकर्षक सुआ नृत्य, राउत नाचा, झांझ वादन, डमरू वादन सहित अघोरियों के भस्मी-भूत उड़ाते, भयानक नृत्य के साथ महाकाल का जयकारा लगाते निकली बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का शहर के विभिन्न जगहों में भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने इस दौरान बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना के लिए पलक-पावड़े बिछाए रहे और जैसे ही लोगों के कांधे पर सवार बाबा की पालकी पहुंची आरती की थाल सजाएं महिलाओं ने बाबा महाकाल की पूरे भक्ति-भाव से पूजा अर्चना की।

इस दौरान बाबा महाकाल के जयकारे से आसमान गुंजायमान बना रहा। मानव मंदिर चौक पर भव्य मंच सजाकर महापौर मधुसूदन यादव सहित जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, अकरम कुरैशी, पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, न.नि. सभापति पारस वर्मा, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पार्षद शैकी बग्गा, राजा माखीजा, रवि सिन्हा, पूर्व पार्षद दीपक चौहान, शरद सिन्हा, राजू वर्मा, प्रखर श्रीवास्तव आदि सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित थे। बाबा की पालकी में माथे पर त्रिपुंड लगाए श्रद्धालु भक्त जन नाना प्रकार के वेश में नृत्य-गान करते हुए वातावरण को पूरी तरह सनातन मय बनाया सांस्कृतिक छटा बिखेरते रहे।


गंज लाइन में बाबा महाकाल के गूंजे जयकारा
मानव मंदिर चौक से सिनेमा लाइन होते हुए बाबा महाकाल की पालकी भारतमाता चौक से गंज लाइन में प्रवेश करते ही बाबा की पालकी का दर्शन करने व स्वागत के लिए भक्तजन उमड़ पड़े। तिरंगा चौक पर जहां कसौधन वैश्य समाज के लोग पंडाल लगाकर पालकी यात्रा की स्वागत की वही समाज की आशा गुप्ता व अन्य महिलाओं ने बाबा महाकाल की आरती-पूजन कर कृतार्थ महसूस की। इसी तरह साहू समाज द्वारा कमल किशोर साहू के नेतृत्व में बाबा की पालकी की पूजा अर्चना की गई। वहीं आगे श्री लोहाणा गुजराती समाज द्वारा समाज प्रमुखों की उपस्थिति में बाबा महाकाल की पूजा आराधना की गई। इस दौरान पालकी यात्रा के साथ चल रहे पीत वसनधारी सुआ नृत्य करती महिलाएं आकर्षण की केंद्र रही। वहीं छोटे बच्चों ने शंकर जी का रुपधारण कर सबको मोहते रहे। पालकी यात्रा में भगवान हनुमान का विशाल रुप धरे कलाकार ने सबका ध्यान आकर्षित किया वहीं रंग- बिरंगी वेशभूषा में सजी महिलाएं झांझ वादन करती, भजन-कीर्तन के धून में झूमती नाचती हुए बाबा महाकाल की भक्ति में निमग्न रही।


लायंस क्लब राजनांदगांव सिटी ने किया भव्य स्वागत
गंज लाइन में दिगंबर जैन मंदिर के समीप घोड़े के रथ वाला मंच सजाकर लायंस क्लब आफ राजनांदगांव सिटी के लायंसो ने बाबा महाकाल की पालकी का भव्य स्वागत अभिनन्दन किया। लायंस अध्यक्ष अमित खंडेलवाल, राजकुमार शर्मा, प्रकाश सांखला, मयंक शर्मा आदि सहित सभी सदस्यों ने बाबा महाकाल का जयकारा लगाते हुए पालकी यात्रियों की स्वल्पाहार आदि से स्वागत किया। इसी तरह बालाजी धाम मंदिर के समीप प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा व अपने घर-परिवार वालों के साथ बाबा महाकाल की पूजा आराधना की। इस दौरान वहां पर बनाए गए भव्य मंच में बाबा महाकाल पूरी श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजे गए। वहीं महाकाल सेना के राजू डागा, रामू भूतड़ा, मनीष खंडेलवाल, राकेश यादव, मुन्ना अग्रवाल आदि ने बताया कि इस दौरान शहर के पत्रकारों को भी बुलाकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद गंज चौक लोहार पारा होते हुए भरकापारा काली माई मंदिर पहुंची। पालकी यात्रा का भव्य स्वागत व पूजा अर्चना उपरांत आखिरी शाही पालकी यात्रा को विराम दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here