Home समाचार उत्तर ब्लॉक में सर्वसम्मति की अवहेलना पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उग्र आक्रोश…

उत्तर ब्लॉक में सर्वसम्मति की अवहेलना पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उग्र आक्रोश…

179
0

 

*🟦 “संगठन सृजन नहीं, संगठन का क्षरण” 🟦*
*👉 उत्तर ब्लॉक में सर्वसम्मति की अवहेलना पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उग्र आक्रोश 👈*

कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया संगठन सृजन कार्यक्रम, यदि कार्यकर्ताओं की आवाज़ को दबाने और लोकतांत्रिक  निर्णयों को दरकिनार करने का माध्यम बन जाए, तो यह सृजन नहीं बल्कि संगठन के मूल्यों का क्षरण कहलाएगा।

उत्तर ब्लॉक, राजनांदगांव में सामने आया घटनाक्रम इसी पीड़ादायक और चिंताजनक सच्चाई को उजागर करता है।
दिनांक 24 अगस्त 2025 को राजनांदगांव में उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष चयन हेतु एक विधिवत, पारदर्शी एवं सर्वसम्मत बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में तत्कालीन प्रभारी पर्यवेक्षक सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, तत्कालीन जिला अध्यक्ष, पूर्व महापौर, नेता प्रतिपक्ष, पार्षदगण तथा मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे। गहन विचार-विमर्श के पश्चात श्री आसिफ अली का नाम सर्वसम्मति से प्रस्तावित एवं पारित किया गया, जो संगठनात्मक मर्यादा और कांग्रेस की लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतीक था।
परंतु चयन सूची जारी होते ही इस सर्वसम्मति को एक सिरे से नज़रअंदाज़ कर दिया गया। इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह रही कि ऐसे व्यक्ति का नाम घोषित कर दिया गया जिसने न तो आवेदन किया था और न ही संगठन सृजन कार्यक्रम की प्रक्रिया में कोई सहभागिता निभाई थी। यह निर्णय न केवल संगठन सृजन कार्यक्रम के घोषित नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं के विश्वास पर सीधा आघात भी है।यह तथ्य भी उल्लेखनीय है कि उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष पद हेतु किसी भी कार्यकर्ता अथवा पदाधिकारी द्वारा प्रभारी को कोई आवेदन प्रस्तुत ही नहीं किया गया था।
इसी आक्रोश के चलते आज उत्तर ब्लॉक के आक्रोशित कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष चयन हेतु नियुक्त तत्कालीन प्रभारी श्री राजेश बाफना जी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं पुनर्विचार की मांग की गई। इस अवसर पर प्रभारी श्री बाफना जी ने आश्वस्त किया कि वे इस विषय से आलाकमान एवं संगठन के शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराएंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से उत्तर ब्लॉक महामंत्री निरंजन पासवान, प्रियेश मेश्राम, विशाल गढ़े, कृष्णा मेश्राम, धीरज रामटेके, जितेंद्र कुमार साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

इस अवसर पर महामंत्री निरंजन पासवान ने कहा कि
“हम सभी उत्तर ब्लॉक पदाधिकारी कांग्रेस के निष्ठावान सदस्य हैं और पार्टी के प्रति हमारी निष्ठा अटूट है। किंतु राहुल गांधी जी द्वारा संगठन को धरातल पर मजबूत करने हेतु प्रारंभ किए गए संगठन सृजन कार्यक्रम के नियमों की जिस प्रकार अवहेलना की गई है, उसका हम पुरज़ोर विरोध करते हैं। जब तक इस विषय पर संगठन के उच्च स्तर पर पुनर्विचार कर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उत्तर ब्लॉक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता किसी भी पार्टी कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे। आवश्यकता पड़ी तो हम सभी सामूहिक इस्तीफे पर भी विचार करने को बाध्य होंगे।”
यह भी उल्लेखनीय है कि प्रभारी श्री राजेश बाफना जी को सौंपे गए उक्त ज्ञापन की प्रतिलिपि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भेजी गई है, जिसमें प्रमुख रूप से—
श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, AICC),
श्री राहुल गांधी जी (नेता प्रतिपक्ष, लोकसभा),
श्री के.सी. वेणुगोपाल जी (प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव, AICC),श्री सचिन पायलेट जी (प्रभारी छत्तीसगढ़),
श्री चरणदास महंत जी (नेता प्रतिपक्ष, विधानसभा छत्तीसगढ़),श्री भूपेश बघेल जी (पूर्व मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़),
शामिल हैं, ताकि संगठन सृजन कार्यक्रम में हुई इस गंभीर त्रुटि पर शीघ्र संज्ञान लेकर न्यायोचित निर्णय लिया जा सके।
उपरोक्त जानकारी उत्तर ब्लॉक सोशल मीडिया प्रभारी धीरज रामटेके द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here