चलती ट्रेन से नवजात शिशु को फेंके जाने की आशंका
राजनांदगांव (दावा)। लालबाग थाने के अंतर्गत आने वाले सुकुल दैहान पुलिस चौकी क्षेत्र के रेल्वे ट्रेक पर एक नवजात शिशु का कटा हुआ शव मिलने से आसपास में सनसनी फ़ैल गई। पुलिस को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कार्रवाई शुरू कर दी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त नवजात बच्चे के जन्म को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी द्वारा चलती ट्रेन से इसे क्षेत्र के छीपा नाला में फेंकने का प्रयास किया गया लेकिन हवा के तेज झोंके से वह रेल्वे ट्रेक पर आ गिरा और रेल में कट कर उक्त नवजात के टूकड़े हो गए। इस हृदय विदारक घटना को देखकर लोगों का दिल भर आया और उसे जन्म देने वाली हत्यारी मां को कोसने लगे जिसने लोक लाज की भय से अपने कृत्य को छुपाने यह हरकत की। सुकुलदैहान पुलिस ने इस घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह घटना गत वर्ष के 5 नवंबर की है। जिसकी जानकारी रेल्वे ट्रेक मेन अखिल महोबिया द्वारा दी गई। सूचना के अनुसार डाउन लाइन खंभा नंबर 910/4/6 के पास रेल्वे ट्रेक उक्त नवजात शिशु का शव कटा हुआ मिला। मौके पर पहुची पुलिस पंचनामा, शव निरीक्षण घटना स्थल निरीक्षण एवं गवाहो के कथन दर्ज कर मर्ग जांच की गई। जांच में अपराध घटित किए जाने पर रविवार 1 फरवरी को अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 94 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में ले लिया गया है। सुकुल दैहान पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों, रेल्वे स्टाफ से मिली जानकारियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।



