0 सर्वेश्वरदास स्कूल में लाइव प्रसारण : बच्चों ने सीखे टाइम मैनेजमेंट और स्ट्रेस फ्री रहने के गुर
0 पूनम साहू और नम्रता रजक का परीक्षा पर चर्चा के लिए हुआ चयन
राजनांदगांव (दावा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विशेष कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा के 9वें संस्करण का शुक्रवार को शहर के सर्वेश्वरदास स्कूल में भव्य लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव के प्रथम नागरिक मधुसूदन यादव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से उबरने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मधुसूदन यादव ने कहा कि परीक्षा की तैयारी एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि जीवन में असफलता से घबराने के बजाय निरंतर प्रयास जारी रखना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के संवाद के माध्यम से बच्चों ने टाइम मैनेजमेंट, तनाव मुक्ति और स्ट्रेस फ्री रहकर परीक्षा देने के व्यावहारिक सुझाव सीखे।
पार्षद और समिति सदस्यों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पार्षद वर्षा शरद सिन्हा ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वहीं एसएमडीसी के अध्यक्ष कमलेश सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए निरंतर अभ्यास का मंत्र दिया। इस अवसर पर विद्यालय की दो मेधावी छात्राओं— पूनम साहू (कक्षा 12वीं) और नम्रता रजक (कक्षा 10वीं) का चयन इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए होने पर उन्हें बधाई दी गई। जिलाधीश जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुरुचि सिंह और जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में डीएमसी सतीश ब्यौहरे, शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, प्राचार्य डॉ. अमित घोष सहित विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।



