रामजीटोला में बनेगा 10 लाख का कोयतुर गोंड़वाना भवन, विधायक दलेश्वर साहू ने की घोषणा
कल्लूबंजारी (दावा)। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम बैगाटोला (बोरतलाव) में कोयतुर गोंड़ समाज की प्राचीन और गौरवशाली संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
अवसर था कोयतुर गोंड़वाना सांस्कृतिक युवा महोत्सव का, जहां दो दिवसीय आयोजन में सामाजिक, शैक्षणिक और संवैधानिक कार्यशाला के साथ-साथ युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 10 ब्लॉकों से हजारों की संख्या में समाज जन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू रहे, जबकि अध्यक्षता समाज प्रमुख दिनेश कोरेटी ‘दिलेर’ ने की।
विधायक साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब किसी सामाजिक सम्मेलन में इतनी सुव्यवस्थित शैक्षणिक और संवैधानिक कार्यशाला देखी गई है। उन्होंने समाज की मांग पर ग्राम रामजीटोला में 10 लाख रुपये की लागत से ‘कोयतुर गोंड़वाना भवन’ निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने
दी महत्वपूर्ण जानकारी
दो दिवसीय सत्र में विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया। जिसमें अश्वनी कांगे ने पेशा कानून और वन अधिकार पर व्याख्यान दिया। ललित नरेटी ने उच्च शिक्षा और व्यावसायिक सोच पर जोर दिया। जगत मरकाम (कोया पुनेम) और तुकाराम कोर्राम (सम-विषम व्यवस्था) ने समाज की जड़ों से रूबरू कराया। चन्द्रेश ठाकुर ने अधिकारियों-कर्मचारियों के योगदान पर चर्चा की।
आकर्षण का केंद्र: गोटुल और मांदर नृत्य
जब सामूहिक रेला पाटा और मांदर नृत्य की शुरुआत हुई तो छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के हजारों कोयतुर जन एक साथ थिरक उठे। जोब, मरकाकसा, पंडरापानी और अन्य टोलियों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक कोयतुर वेशभूषा में सजे युवा (लया-लयोर) आकर्षण का केंद्र रहे। युवक-युवती परिचय सम्मेलन में सैकड़ों शिक्षित युवाओं ने अपना परिचय दिया, जिससे सामाजिक रिश्तों को नई दिशा मिली। जिला पंचायत सभापति प्रशांत कोड़ापे ने आयोजन की सफलता के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी। महासभा अध्यक्ष मोहन सिंह हिडक़ो ने हर परिस्थिति में सांस्कृतिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में बलीराम टेकाम, संतराम सलामें और अशोक सलामें की मुख्य भूमिका रही। इस अवसर पर जसवंत घावड़े (जिलाध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज), भावेश सिंह, अनिता मंडावी, बिमला कोरेटी सहित बड़ी संख्या में सरपंच, जनपद सदस्य और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। ब्लॉक सचिव समन लाल उइके एवं युवा अध्यक्ष तोमन आचले ने सभी का आभार व्यक्त किया।



