Home छत्तीसगढ़ सिनेमा लाइन में तेज रफ्तार बाइक का कहर, मासूम बच्चा गंभीर घायल,...

सिनेमा लाइन में तेज रफ्तार बाइक का कहर, मासूम बच्चा गंभीर घायल, राजनांदगांव रिफर…

55
0

फाईल फोटो

डॉ. मंडल क्लीनिक के सामने हुआ हादसा, 4 वर्षीय बच्चे के चेहरे पर आई गंभीर चोट

थाना प्रभारी से कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य, पुलिस की सुस्ती से बढ़ा स्टंटबाजों का मनोबल

डोंगरगांव (दावा)। नगर में बेलगाम और तेज रफ्तार बाइकर्स का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब आम नागरिकों और मासूम बच्चों की जान पर बन आई है। बुधवार दोपहर नगर के व्यस्ततम इलाके सिनेमा लाइन में एक बार फिर तेज रफ्तार बाइक ने कहर बरपाया। यहाँ डॉ. रतन मंडल क्लीनिक में इलाज कराने पहुंचे एक परिवार का चार वर्षीय मासूम बच्चा तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चेहरे पर आई गंभीर चोटों और नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल राजनांदगांव जिला अस्पताल रिफर कर दिया है।

गली-मोहल्लों से लेकर स्टेट हाईवे तक स्टंटबाजों का आतंक
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डोंगरगांव के विभिन्न अंदरूनी वार्डों सहित स्टेट हाईवे पर इन दिनों स्टंटबाजों और रफ्तार के शौकीनों का जमावड़ा लगा रहता है। स्पोर्ट्स बाइक से लेकर सामान्य बाइकों में गली-मोहल्लों के भीतर बेहद तेज गति और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर लोगों की जान को लगातार खतरे में डाला जा रहा है। शहर के कुछ चुनिंदा बिगड़ैल युवक सडक़ों पर खुलेआम आतंक मचा रहे हैं। हद तो तब हो जाती है। जब स्थानीय प्रबुद्ध जनों द्वारा इन्हें समझाइश दी जाती है, तो ये युवक उल्टा विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं। इन मनचलों में न तो अपने पालकों का कोई डर है और न ही स्थानीय पुलिस प्रशासन का कोई खौफ बचा है। प्रत्यक्षदर्शियों और वार्ड वासियों ने बताया कि विशेष रूप से सिनेमा लाइन इलाके में एक निश्चित स्कूटर और बाइक पर सवार कुछ युवक दिनभर बेहद खतरनाक रफ्तार से आना-जाना करते हैं। इस बात की लिखित और मौखिक शिकायत कई बार स्थानीय थाना प्रभारी से की जा चुकी है। बावजूद इसके पुलिस द्वारा आज तक इन बाइकर्स के खिलाफ कोई भी दंडात्मक या ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की इसी उदासीनता के चलते इन हुड़दंगियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। जिसका खामियाजा आज एक मासूम बच्चे को भुगतना पड़ा।

दिखावे की कार्रवाई छोडक़र पुलिस कसे नकेल
बार-बार खबरों के प्रकाशन और पुलिस अधिकारियों को सीधे सूचना दिए जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस हादसे के बाद से नगरवासियों में स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस केवल मुख्य चौराहों पर चालान काटने की रस्म अदायगी बंद करे और गली-मोहल्लों में आतंक मचाने वाले इन रफ-ड्राइविंग करने वाले युवकों की गाडय़िां जप्त कर उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान जोखिम में न पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here