Home छत्तीसगढ़ साइबर अपराध रोकने में युवाओं की भूमिका अहम: नोबल साहू…

साइबर अपराध रोकने में युवाओं की भूमिका अहम: नोबल साहू…

11
0

जिला साहू सदन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

राजनांदगांव। डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के प्रति बच्चों और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला साहू सदन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ, जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग क्लास में विशेषज्ञों ने साइबर ठगी के नए-नए तरीकों से बचने के उपाय बताए और विद्यार्थियों के सवालों का सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया।
अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ, जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग क्लास में सोमवार को साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला साहू संघ के नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष नोबल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैन्य मातृ शक्ति संगठन, राजनांदगांव की श्रीमती भुनेश्वरी साव एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराध तथा व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के महत्वपूर्ण उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि इंटरनेट का उपयोग करते समय छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक और सामाजिक क्षति का कारण बन सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक सवाल पूछे, जिनका श्रीमती भुनेश्वरी साव ने सहज, सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से संतोषजनक उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र से बच्चों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा। मुख्य अतिथि नोबल साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक युवा की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं जागरूक बने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक करे। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराध पर प्रभावी रोक लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग क्लास और समय-समय पर आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें सामाजिक रूप से भी जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इस अवसर पर जिला सलाहकार परदेशी राम साहू, चिकित्सा प्रकोष्ठ सचिव डॉ. दुलेश्वर साहू, व्यवस्थापक जगमोहन साहू, शिक्षक भीष्म नारायण चंद्राकर, आशीष मसीह, प्रभात कुमार बैस, संतोष कड़वे तथा सैन्य मातृ शक्ति संगठन की ठगिया साहू, मिनेश्वरी साहू, शिवानी साव, भारती साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन परदेशी राम साहू ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here