बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता हासिल हुई है। 5 सितंबर को सीआरपीएफ जवानों ने बीजापुर जिले के पीडिया और कुआपगुड़ा के संवेदनशील जंगल क्षेत्रों (एड़ी, हर्री, नयापारा व सरपंचपारा) में सघन तलाशी अभियान चलाकर नक्सलियों के 14 गुप्त डंप ध्वस्त कर दिए हैं।
सर्च ऑपरेशन और बरामद सामग्री कमांडेंट आनंद कुमार के निर्देशन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में चलाए गए इस अभियान में बी 199 और एफ 199 कंपनी के साथ यंग प्लाटून के जवानों ने मोर्चा संभाला। इलाके की घेराबंदी कर चलाए गए इस चरणबद्ध सर्च ऑपरेशन में कुल 99 प्रकार की वस्तुएं जब्त की गईं।
हथियार: 1 (.303) बोल्ट एक्शन रायफल, 5 भरमार रायफल और 1 देशी 12-बोर रायफल सहित कुल 7 रायफल।
विस्फोटक व आईईडी: 10 IED, 8 डेटोनेटर और कोडेक्स वायर।
संचार व अन्य उपकरण: 1 वायरलेस सेट (बिना बैटरी), 4 प्लास्टिक कंटेनर, 3 बड़े स्टील कंटेनर, IED बनाने का इलेक्ट्रॉनिक सामान और नक्सली वर्दी।
शांति और सुरक्षा की दिशा में कदम अधिकारियों के अनुसार, यह सामग्री सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से छिपाई गई थी। लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से इलाके में नक्सली प्रभाव घटा है और ग्रामीणों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कमांडेंट आनंद कुमार ने दोहराया कि क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त करने और शांति स्थापित करने के लिए आसूचना आधारित अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



