राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के परिवहन, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल, थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर एवं चौकी चिखली की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 346 पौवा (65.52 बल्क लीटर) अवैध शराब, बिक्री की रकम सहित कुल 50,180 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक व साइबर क्राइम नोडल अधिकारी श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में 6 अगस्त 2026 को विशेष संयुक्त टीम गठित कर यह रेड कार्रवाई की गई।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
कृपेश रजक (26 वर्ष): निवासी राम नगर पावर हाउस, कैलाश नगर रोड, राजनांदगांव (थाना कोतवाली)। इसके कब्जे से 50 पौवा देशी व अंग्रेजी शराब (कीमती 6,000 रुपये) जब्त की गई। (अपराध क्रमांक 423/26)
उत्तम प्रजापति (30 वर्ष): निवासी ग्राम सिंगदई (थाना बसंतपुर)। इसके पास से 51 पौवा शराब (कीमती 6,120 रुपये) बरामद हुई। (अपराध क्रमांक 364/26)
दउआ राम प्रजापति (63 वर्ष): निवासी सिंगदई (थाना बसंतपुर)। इसके कब्जे से 60 पौवा शराब (कीमती 7,200 रुपये) जब्त की गई। (अपराध क्रमांक 365/26)
धनेश भीमरे (40 वर्ष): निवासी मोतीपुर चंदन नगर (चौकी चिखली)। इसके पास से 185 पौवा अवैध शराब (कीमती 22,200 रुपये) जब्त की गई। (अपराध क्रमांक 422/26)
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 346 पौवा (65.52 बल्क लीटर) अवैध शराब (कीमती 41,520 रुपये) तथा शराब बिक्री के नगदी 8,660 रुपये कुल जुमला 50,180 रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



