जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा—महिलाओं की आत्मनिर्भरता से मजबूत होगा परिवार और समाज
छुरिया। खुशी आजीविका संकुल संगठन करमरी बिहान द्वारा वार्षिक अधिवेशन एवं आमसभा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने की, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव सभापति गोपाल भुआर्य जनपद पंचायत छुरिया सदस्य- श्रीमती हरिला चंद्रवंशी, श्रीमती जैमुन बाई, उभेयराम मंडावी, संरपंच संघ अध्यक्ष दीनदयाल साहू, भूपेन्द्र नायक पूर्व जनपद सदस्य, शिशुपाल साहू मीडिया प्रभारी, लक्ष्मण साहू, लीलाराम साहू धनंजय गंजीर, कासीम भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि बिहान से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। महिला शक्ति को संगठित कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना समाज के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है और यही परिवार आगे चलकर मजबूत समाज एवं मजबूत गांव का निर्माण करता है। उन्होंने बिहान समूह की महिलाओं की मेहनत, लगन और संगठन भावना की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी क्षमता को पहचानकर नए-नए क्षेत्रों में आगे बढ़ें तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के हाथों में आर्थिक आत्मनिर्भरता की ताकत आने से गांवों की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बिहान समूह ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को एकजुट करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं ने बचत और आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। अति विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत राजनांदगांव सभापति श्री गोपाल भुआर्य ने कहा कि बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता का विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाकर अपने परिवार और समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। साथ ही कार्यक्रम में अतिथियों ने महिलाओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं आजीविका गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और संगठन के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वार्षिक अधिवेशन के दौरान संगठन की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी समय में महिलाओं की आय बढ़ाने, नए स्वरोजगार के अवसर विकसित करने तथा समूहों को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।वार्षिक अधिवेशन के समापन अवसर पर अतिथियों ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और महिलाओं की मेहनत से आने वाले समय में क्षेत्र में आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम में श्रीमती जरीना ख़ान अध्यक्ष संकुल संगठन, श्रीमती तामेश्वरी सचिव, श्रीमती सेवती बाई कोषाध्यक्ष, श्रीमती शैलेन्द्री साहू (PRP), श्रीमती माधुरी साहू, श्रीमती भूवनेश्वरी साहू, श्रीमती पुष्पा सिन्हा, श्रीमती सरिता राजपूत, श्रीमती गायत्री भुआर्य, समेत बड़ी संख्या में बिहान समूह की महिलाएं, संगठन की पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।



