Home News ट्रैक्टर शोरूम में 11 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाला मैनेजर...

ट्रैक्टर शोरूम में 11 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाला मैनेजर गिरफ्तार, भेजा गया जेल..

132
0

राजनांदगांव । सिटी कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरणों की बिक्री राशि में लाखों रुपये का गबन करने वाले शोरूम मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने किसानों से मिली रकम को फर्म के खाते में जमा न कर 11 लाख 7 हजार 893 रुपये का गबन किया था।
बिक्री की रकम फर्म में नहीं की जमा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 17 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि भाजपा कार्यालय के सामने स्थित ‘अरुण एग्रीकल्चर’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत कुमुद उपाध्याय (52 वर्ष), निवासी वृंदावन कॉलोनी, इंदिरा नगर (थाना बसंतपुर) ने फर्म के साथ धोखाधड़ी की है। आरोपी ने 1 अप्रैल 2025 से 7 अप्रैल 2026 के बीच किसानों को 14 लाख 61 हजार 393 रुपये के ट्रैक्टर व कृषि उपकरण बेचे, लेकिन बिक्री की पूरी राशि फर्म में जमा नहीं की। आंतरिक जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन की बात स्वीकार करते हुए 3 लाख 3 हजार 500 रुपये लौटा दिए, जबकि शेष 11 लाख 7 हजार 893 रुपये हड़प लिए। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 443/26 धारा 316(4), 336(3), 344(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में जुर्म कबूला, खाता-बही जब्त
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी कुमुद उपाध्याय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से संबंधित खाता-बही जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 19 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेन्द्र शाह, उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार व कोतवाली स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here