राजनांदगांव (दावा)। नेशनल हाईवे पर बैठे मवेशियों के झुंड के बीच तेज रफ्तार ट्रक घुस जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। बसंतपुर थाना क्षेत्र के रेवाडीह स्थित राज इंपीरियल होटल के पास रविवार रात हुए इस हादसे में करीब 1२ मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सडक़ पर मवेशियों के शव बिखरे होने के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
सडक़ पर बैठे थे मवेशियों के झुंड
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात बड़ी संख्या में मवेशी सडक़ पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रहे ट्रक ने सडक़ पर बैठे मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हडक़ंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला गया। हादसे ने एक बार फिर शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर खुले में घूमने वाले तथा सडक़ पर बैठे मवेशियों की समस्या को सामने ला दिया है।
हादसे के बाद काऊ कैचर टीम पर उठे सवाल
घटना के बाद नेशनल हाईवे की काऊ कैचर टीम और नगर निगम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की प्रमुख सडक़ों और व्यस्त मार्गों पर इन दिनों बड़ी संख्या में गौवंश और अन्य मवेशियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि सडक़ पर मवेशियों की मौजूदगी के बावजूद उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए लगातार और प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा है। रात के समय सडक़ पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दूर से नजर नहीं आते, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
इन दिनों सडक़ों पर रहता है गौवंश का जमावड़ा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन दिनों शहर की कई सडक़ों पर गौवंश का जमावड़ा आम नजर आ रहा है। कई जगह मवेशी सडक़ के बीचों-बीच या सडक़ किनारे बैठे रहते हैं। व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार यातायात के बीच इन मवेशियों की मौजूदगी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों का कहना है कि सडक़ पर बैठे मवेशियों के कारण पहले भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है। मवेशियों के लिए सुरक्षित शेल्टर, नियमित निगरानी और सडक़ पर घूमने वाले पशुओं को हटाने की व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू किए जाने की जरूरत बताई जा रही है।



