Home छत्तीसगढ़ शराब के लिए पैसे न देने पर ऑटो चालक पर रॉड से...

शराब के लिए पैसे न देने पर ऑटो चालक पर रॉड से हमला, आदतन बदमाश गिरफ्तार…

17
0

राजनांदगांव (दावा)। सिटी कोतवाली पुलिस ने गुड़ाखू लाइन चौक क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक ऑटो चालक के साथ मारपीट करने वाले आदतन बदमाश को धर दबोचा है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
सवारी के इंतजार में खड़े चालक से की पैसों की मांग
कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने बताया कि घटना 23 अगस्त (रविवार) दोपहर लगभग 3 बजे की है। प्रार्थी (ऑटो चालक) गुड़ाखू लाइन चौक में अपना ऑटो खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहा था। तभी संजय बांसफोड़ नामक युवक वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए कहा कि ‘बहुत पैसा कमा रहे हो।’ उसने शराब पीने के लिए 200 रुपये की मांग की। जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की और वहां से भाग निकला।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 460/26 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 119(1) के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी कर आरोपी संजय बांसफोड़ (25 वर्ष), पिता स्व. रंगलाल बांसफोड़, निवासी बीएनसी मिल चाल, बलदेवबाग को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टीलनुमा रॉड जब्त कर ली। पर्याप्त सबूतों के आधार पर 24 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here