Home छत्तीसगढ़ जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा जनसैलाब, धूमधाम से मना जश्ने ईद मिलादुन्नबी…

जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा जनसैलाब, धूमधाम से मना जश्ने ईद मिलादुन्नबी…

23
0

महापौर मधुसूदन यादव ने गंज चौक पहुंचकर दी शुभकामनाएं, अमन-चैन व भाईचारे का दिया संदेश

राजनांदगांव (दावा)। शहर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत, शानो-शौकत और जबर्दस्त उत्साह के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौमे विलादत (जन्मदिन) के उपलक्ष्य में निकाले गए ऐतिहासिक जुलूस-ए-मोहम्मदी में समाजजनों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुस्लिम समाज के अध्यक्ष रईस अहमद शकील ने बताया कि विभिन्न मोहल्लों से लोग जुलूस की शक्ल में जामा मस्जिद पहुंचे। इसके पश्चात दरूद शरीफ, सलातो-सलाम और ‘नबी की आमद मरहबा’ के गगनभेदी नारों के बीच मुख्य जुलूस प्रारंभ हुआ। परचम कुशाई और मीलाद के बाद मुल्क व कौम की तरक्की तथा अमन-चैन के लिए विशेष दुआ मांगी गई। यह जुलूस भारत माता चौक, गंज चौक, लोहार पारा, कसाई मोहल्ला, रामाधीन मार्ग, कामठी लाइन, गुड़ाखू लाइन, आजाद चौक और मानव मंदिर चौक से होते हुए इस्लाम चौक (जूनी हटरी) में संपन्न हुआ।

महापौर ने गंज चौक पर किया इस्तकबाल
पूर्व सांसद एवं वर्तमान महापौर मधुसूदन यादव ने गंज चौक पहुंचकर जुलूस में शिरकत की और मुस्लिम समाजजनों को ईद मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद दी। महापौर ने कहा कि राजनांदगांव की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता हमारी सबसे बड़ी पहचान व ताकत है। ऐसे पर्व समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को प्रगाढ़ करते हैं। इस दौरान पार्षद रानू जैन एवं पूर्व पार्षद नादान सेन भी मौजूद रहे।

नफरत फैलाने वालों का बहिष्कार करने का आह्वान
मुस्लिम समाज के अध्यक्ष रईस अहमद शकील ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें पैगंबर साहब की शिक्षाओं और बताए रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि सभी अच्छे आचरण (अखलाक) और आपसी भाईचारे को जीवन में उतारें, इंसानियत व अमन को बढ़ावा दें तथा समाज को बांटने और नफरत फैलाने वाले तत्वों का बहिष्कार करें। जुलूस में नौनिहालों से लेकर युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा पूरे मार्ग में सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, रईस अहमद शकील, अमीन हुद्दा, समाजसेवी एच.बी. गाजी, डॉ. अफताब आलम, मो. इरफान शेख, शाहीद भाई, शरद खंडेलवाल, कमलजीत सिंह पिंटु, झम्मन देवांगन, हफीज खान आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here