असंगठित व भवन सन्निर्माण कर्मकार मंडल में नए पंजीयन व नवीनीकरण का कार्य तेज
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोडऩे के उद्देश्य से जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सघन मोबाइल कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।
तय मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत आयोजित इन शिविरों में श्रमिकों का पंजीयन, नवीनीकरण एवं योजनाओं के आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए जा रहे हैं। अभियान की कड़ी में सोमवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकाय क्षेत्र में एक साथ शिविर आयोजित किए गए। इनमें डोंगरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत बिजनापुर, छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत झाड़ीखैरी, डोंगरगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत सुखरी, राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत जराही तथा नगर पालिक निगम राजनांदगांव के कन्हारपुरी (वार्ड क्रमांक 34) शामिल रहे। इन सभी स्थानों पर सुबह से ही श्रमिक वर्ग के लोगों की खासी चहल-पहल देखी गई।
पंजीयन, नवीनीकरण और ई-केवाईसी की सुविधा
मोबाइल कैंपों के माध्यम से छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत नवीन श्रमिक पंजीयन एवं पूर्व पंजीकृत श्रमिकों के नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता से किया गया। इसके साथ ही श्रमिक विवरणों में संशोधन, योजनाओं के तहत मिलने वाले आर्थिक व सामाजिक हितलाभों के आवेदन और ‘ई-श्रम साथी एप’ में श्रमिकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर पंजीकृत हितग्राहियों का ई-केवाईसी भी मौके पर ही पूरा कराया गया।
योजनाओं की दी जा रही विस्तृत जानकारी
शिविरों में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा श्रमिकों को बच्चों की छात्रवृत्ति, प्रसूति सहायता, जीवन सुरक्षा, दुर्घटना बीमा एवं औजार-सहायता सहित शासन की तमाम योजनाओं की पात्रता और प्रक्रिया से अवगत कराया गया। सहायक श्रमायुक्त ने जिले के सभी पात्र निर्माण व असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगने वाले इन मोबाइल कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपना नया पंजीयन कराएं, पुराने कार्ड का नवीनीकरण सुनिश्चित करें और योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।



