Home छत्तीसगढ़ ई-ऑफिस में लंबित ई-फाइलों का समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर…

ई-ऑफिस में लंबित ई-फाइलों का समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर…

3
0

० शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
० आवारा मवेशियों के मालिकों पर होगी कार्रवाई, रात में बैरिकेडिंग कर होगी वाहनों की जांच, 61 प्रतिशत गिरदावरी कार्य पूर्ण, शेष कार्य को त्रुटिरहित व गुणवत्तापूर्ण पूर्ण करने के निर्देश

राजनांदगांव (दावा)। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए कई विभागों में फाइलें अटकी मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित निष्पादन के लिए ई-फाइलों का परीक्षण व निराकरण तय समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए।

आवारा मवेशियों पर निगरानी और रात में विशेष जांच के निर्देश
सडक़ सुरक्षा और नगरीय व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने सडक़ों पर घूमने वाले मवेशियों की पहचान कर संबंधित पशु पालकों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम को आवारा पशुओं वाले क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने और रात में सतत निगरानी ड्यूटी लगाने को कहा गया। बाहर से मवेशी लाकर शहर में छोडऩे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने रात के समय बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरण और गिरदावरी कार्य में तेजी लाएं
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए। जिले में अब तक 61 प्रतिशत गिरदावरी कार्य पूर्ण होने की जानकारी देते हुए उन्होंने शेष कार्य को बिना किसी त्रुटि के शीघ्र पूरा कराने तथा किसानों के हित में एग्रीस्टेक बकेट क्लेम का निराकरण जल्द करने को कहा।

प्रमुख योजनाओं एवं जनसुविधाओं पर दिए गए कड़े निर्देश
जिले में अब तक 5,686 घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। कलेक्टर ने आवेदनों के त्वरित परीक्षण, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने और वार्डों व पंचायतों में सूर्यघर सभाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। आगामी गणेशोत्सव व दुर्गा पूजा को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में सडक़ों के पेंचवर्क प्राथमिकता से कराने तथा देवादा-टेडेसरा, कोपेडीही-मगरलोटा, सोमनी-ककरेल सहित ग्रामीण व मुख्य मार्गों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। किसी भी मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी दवाइयों की बिक्री न हो, इसके लिए औषधि निरीक्षकों को सतत छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता की नियमित जांच करने तथा ग्राम सिंघोला में स्थित बेहद जर्जर पानी टंकी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए शीघ्र ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। वर्तमान में 42 हेक्टेयर में हो रही पाम ऑयल की खेती को विस्तार देते हुए अधिक से अधिक किसानों को जोडऩे पर बल दिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन और पीजी पोर्टल के लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here