Home छत्तीसगढ़ दपूमंरे नागपुर मंडल : सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता में महाप्रबंधक संग...

दपूमंरे नागपुर मंडल : सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता में महाप्रबंधक संग सांसदों की उच्चस्तरीय बैठक…

14
0

यात्री सुविधाओं के विस्तार, नए ठहराव व रेल अधोसंरचना विकास पर हुआ गंभीर मंथन, 9 सांसद व प्रतिनिधियों ने रखे क्षेत्रीय प्रस्ताव

नागपुर/राजनांदगांव (दावा)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों और रेलवे प्रशासन की महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समन्वय बैठक शनिवार 19 सितंबर को नागपुर के रामदासपेठ स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुई। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (त्ररू) तरुण प्रकाश की विशेष उपस्थिति में यह बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य केंद्रबिंदु यात्री सुविधाओं का विस्तार, नई रेल सेवाओं की शुरुआत, ट्रेनों का ठहराव और क्षेत्रीय रेल विकास रहा।

संसदीय क्षेत्रों की समस्याओं और मांगों पर सांसदों ने रखे विचार
बैठक में सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की जनता की आकांक्षाओं को प्रमुखता से सामने रखा। जनप्रतिनिधियों ने प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन, ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, समयबद्धता और नई रेल सेवाओं के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सांसदों ने नागपुर मंडल में चल रहे अधोसंरचना कार्यों पर संतोष जताते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को जल्द से जल्द हल करने का आग्रह किया।

अमृत भारत स्टेशन व अधोसंरचना विकास पर प्रजेंटेशन
बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों से रेल सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व जनोपयोगी बनाने में मदद मिलेगी। इसके पश्चात उप-महाप्रबंधक (सामान्य) द्वारा नागपुर मंडल की उपलब्धियों, अधोसंरचना विकास, गाडय़िों की क्षमता वृद्धि, दिव्यांगजन सुविधाओं, अमृत भारत स्टेशन योजना, ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’, महिला सुरक्षा हेतु ‘मेरी सहेली अभियान’, यात्री हेल्पलाइन 139 और पर्यावरण संरक्षण पर एक विस्तृत प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। महाप्रबंधक ने सांसदों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी मांगों और सुझावों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय के अलावा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सांसदगण बंटी विवेक साहू (छिंदवाड़ा), श्याम कुमार दौलत बर्वे (रामटेक), डॉ. प्रशांत यादवरावजी पडोले (भंडारा), नामदेव किरसान (गढ़चिरोली–चिमूर), श्रीमती भारती पारधी (बालाघाट), श्रीमती सुमित्रा बाल्मिक (जबलपुर), श्रीमती माया चिंतामन इवनाते (नागपुर) एवं राजेंद्र जैन (गोंदिया)। सांसद प्रतिनिधि डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते (मंडला) के प्रतिनिधि रोचिराम गुरवानी, श्रीमती प्रतिभा सुरेश धानोरकर (चंद्रपुर) के प्रतिनिधि बी. आर. शेगांवकर तथा प्रफुल पटेल (गोंदिया) के प्रतिनिधि विधायक राजू मानिकराव कारमोरे शामिल हुए। रेल प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक नागपुर दीपक कुमार गुप्ता, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सभी सांसदों व प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here