कुम्हारी। कुम्हारी क्षेत्र में संचालित एक अवैध गुटखा निर्माण इकाई पर रविवार को सेंट्रल जीएसटी (CGST) इंटेलिजेंस की टीम ने अचानक दबिश दी। रसमड़ा ग्राम, खुर्सीडीह और कुम्हारी स्टेशन चौक से जुड़े परिसर में की गई इस बड़ी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। टीम जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर रायपुर ले गई है।
तीन वाहनों में पहुंची सेंट्रल जीएसटी की टीम
जानकारी के अनुसार, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम रविवार को तीन वाहनों में अचानक मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर के अलग-अलग हिस्सों का गहन निरीक्षण किया और वहां रखी मशीनों, तैयार उत्पाद तथा अन्य सामग्रियों का जायजा लिया।
सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है गोदाम
सूत्रों के अनुसार, जिस गोदाम में यह कार्रवाई की गई है, वह सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। सेंट्रल जीएसटी की टीम गोदाम में मौजूद दस्तावेजों, खातों और स्टॉक की बारीकी से जांच कर रही है।
दस्तावेजों और रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से मिले दस्तावेजों और बिक्री के रिकॉर्ड्स का मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इस इकाई में कुल कितना उत्पादन और टैक्स चोरी की गई है। मौके से मिले 30 बोरा तैयार गुटखे के आधार पर इसके भंडारण और संभावित वितरण नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की कार्रवाई जारी है। विभागीय अधिकारियों की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही जब्ती के कुल मूल्य और आगामी कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से कुम्हारी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।



