बालोद। छत्तीसगढ़ की बालोद पुलिस ने इलेक्ट्रिक वाहनों की डीलरशिप दिलाने और 100 प्रतिशत कैशबैक का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
100% कैशबैक का झांसा देकर ऐंठे पैसे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भानपुरी निवासी मनीष कुमार साहू ने 5 मई 2026 को थाना सनौद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि ‘CBK EV MOTORS / CBK SERVICE CENTER’ रायपुर के CEO नंदकिशोर साहू, MD लोकेश द्विवेदी और CMD पुरुषोत्तम साहू ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप लेने पर 100 प्रतिशत कैशबैक देने का लालच दिया था।
झांसे में आकर पीड़ित ने डीलरशिप के लिए कंपनी के बताए बैंक खातों में 30 मई 2024 से अलग-अलग किश्तों में कुल 31 लाख 80 हजार रुपये जमा कर दिए।
खराब वाहन दिए, चेक भी हुए बाउंस
डीलरशिप मिलने के बाद प्रार्थी ने ग्राम सनौद में किराये पर दुकान ली। कंपनी ने शुरुआत में 11 इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए, लेकिन उनकी गुणवत्ता खराब होने की शिकायत पर कंपनी उन्हें वापस ले गई और नए वाहन देने का आश्वासन दिया। हालांकि, इसके बाद न तो नए वाहन दिए गए और न ही पैसे लौटाए गए।
काफी दबाव बनाने पर पीड़ित को 1.45 लाख रुपये वापस किए गए और शेष राशि के लिए तीन चेक दिए गए। जब पीड़ित ने चेक बैंक में लगाए, तो वे ‘स्टॉप पेमेंट’ के कारण बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया। सनौद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 420 और 34 भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
बिलासपुर और सारंगढ़ से पकड़े गए आरोपी
बालोद पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गर्वा के निर्देश, एसडीओपी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सनौद सोनसिंह सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लोकेश द्विवेदी को बिलासपुर से और पुरुषोत्तम साहू को सारंगढ़ से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने ठगी का अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 19 सितंबर 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



