Home छत्तीसगढ़ चौपाटी का नाम अब होगा ‘पं. श्रीराम शर्मा आचार्य स्मृति उपवन’…

चौपाटी का नाम अब होगा ‘पं. श्रीराम शर्मा आचार्य स्मृति उपवन’…

7
0

राजनांदगांव (दावा)। युग निर्माण विचार क्रांति के प्रणेता तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर शहर के चौपाटी परिसर का नामकरण ‘पं. श्रीराम शर्मा आचार्य स्मृति उपवन’ किया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे आचार्य रामयश तिवारी एवं महापौर मधुसूदन यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नामकरण पट्टिका का अनावरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शांतिकुंज हरिद्वार के आचार्य रामयश तिवारी ने कहा कि राजनांदगांववासियों के लिए यह अत्यंत सौभाग्य का दिन है कि यहां अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक के नाम से उद्यान का नामकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव ने युग निर्माण के लिए विचार क्रांति का सूत्रपात किया और विश्व भर में 15 करोड़ से अधिक परिवारों को इस अभियान से जोड़ा। समाज में नई चेतना जाग्रत करने के लिए उन्होंने तीन हजार से अधिक पुस्तकों की रचना की। उनके अवतरण दिवस पर इस पुनीत कार्य का साक्षी बनना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

शहरवासियों के लिए गौरव का क्षण : महापौर
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि पूज्य आचार्य जी के नाम पर चौपाटी का नामकरण होना पूरे शहर के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार की मंशा के अनुरूप इस कार्य को पूरा किया गया है। पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख के कार्यकाल के दौरान एमआईसी में यह प्रस्ताव लाया गया था, जिसे बाद में सामान्य सभा द्वारा पारित कर अमलीजामा पहनाया गया। महापौर ने इस कार्य में सहयोग के लिए पूर्व महापौर, उनकी टीम तथा उपस्थित अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, एमआईसी सदस्य शैंकी बग्गा, डिलेश्वर साहू, पार्षद हेमंत शेखर यादव, रवि सिन्हा, अमृता सिन्हा, पूर्व पार्षद विजय राय, पार्षद प्रतिनिधि राजेश यादव, पंकज कुरंजेकर, गायत्री परिवार के प्रमुख श्रीराम पाल तिवारी, धीरजलाल टाक, नंदकिशोर सुरजन, सूर्यकांत चितलांग्या, एस.पी. सिंह, हरीश गांधी, रूपाली गांधी, अमित उत्तलवार, अंकित व्यास, ओमप्रकाश लड्ढा, जुगल किशोर लड्ढा, राकेश ठाकुर, हिरेन्द्र ठक्कर तथा अशोक खण्डेलवाल सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here