Home छत्तीसगढ़ गणेशोत्सव की भक्ति लहर में सराबोर संस्कारधानी, अमरनाथ झांकी बनी आकर्षण का...

गणेशोत्सव की भक्ति लहर में सराबोर संस्कारधानी, अमरनाथ झांकी बनी आकर्षण का केंद्र…

8
0

राजनांदगांव (दावा)। संस्कारधानी राजनांदगांव इन दिनों गणेशोत्सव की भक्ति और उल्लास में सराबोर है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में सजे गणेश पंडाल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। सहदेव नगर स्थित श्री सेवा समिति का गणेश पंडाल इस बार अपनी भव्य सजावट, आकर्षक विद्युत रोशनी और अमरनाथ दर्शन की स्थल झांकी के कारण विशेष चर्चा में है। यहां सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और दर्शक झांकी की जमकर सराहना कर रहे हैं।

44 वर्षों से चली आ रही परंपरा
श्री सेवा समिति द्वारा पिछले 44 वर्षों से लगातार गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोडऩे का कार्य करती है। हनुमान जयंती, महाशिवरात्रि, भागवत कथा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के बाद गणेश चतुर्थी के अवसर पर भी समिति द्वारा भव्य गणेश प्रतिमा की स्थापना और आकर्षक स्थल झांकी का निर्माण किया जाता है।

अमरनाथ दर्शन की झांकी बनी खास आकर्षण
इस वर्ष समिति ने अमरनाथ धाम के दर्शन पर आधारित झांकी तैयार की है। झांकी में धार्मिक वातावरण और अमरनाथ यात्रा की झलक प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा के साथ तैयार यह झांकी श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग परिवार सहित पहुंचकर झांकी का अवलोकन कर रहे हैं।

कोलकाता के कारीगरों ने एक माह से अधिक समय तक की मेहनत
पंडाल की भव्यता के पीछे कोलकाता से आए कारीगरों की मेहनत भी देखने को मिल रही है। समिति के अनुसार कोलकाता के कारीगरों ने एक माह से अधिक समय तक मेहनत कर गणेश पंडाल को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है। रंग-बिरंगी रोशनी, सजावट और पंडाल की बनावट लोगों को अपनी ओर खींच रही है। पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को भक्ति और उत्सव का अलग ही माहौल देखने को मिलता है।

बच्चों से लेकर महिलाओं तक के लिए व्यवस्था
समिति ने केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रहते हुए पूरे परिवार के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने का प्रयास किया है। पंडाल के बाहर बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। वहीं खान-पान के विभिन्न स्टॉल तथा महिलाओं और परिवारों के लिए उपयोगी सामग्री के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके चलते शाम होते ही यहां लोगों की भीड़ और बढ़ जाती है।

अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने कहा की आस्था के साथ अच्छा माहौल देना उद्देश्य
श्री सेवा समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने बताया कि समिति पिछले 44 वर्षों से गणेश उत्सव की परंपरा को आगे बढ़ा रही है। वर्षभर हनुमान जयंती, महाशिवरात्रि, भागवत कथा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के माध्यम से भी लोगों को आस्था के साथ एक अच्छा और सकारात्मक माहौल देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि पंडाल और झांकी को आकर्षक स्वरूप देने के लिए कोलकाता के कारीगरों ने एक माह से अधिक समय तक मेहनत की है। उनका उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को भगवान श्री गणेश के दर्शन के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक उत्सव का अनुभव भी मिले। गणेशोत्सव के बीच सहदेव नगर का श्री सेवा समिति का यह पंडाल इन दिनों आस्था, भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के संगम के रूप में लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। बढ़ती भीड़ और दर्शकों की सराहना से साफ है कि इस वर्ष का आयोजन शहरवासियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here