दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप 45 वर्षीय मकान मालिक पर लगा है, जिसके मकान में पीड़ित बच्ची अपने माता-पिता के साथ किराए पर रहती है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी मकान मालिक को हिरासत में ले लिया है।
अस्पताल में जांच के दौरान हुई पुष्टि जानकारी के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर की है। वारदात के बाद जब मासूम की तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सीय जांच के दौरान बच्ची के साथ यौन शोषण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए खुर्सीपार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी गलत हरकत करने की फिराक में था आरोपी एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि परिजनों के अनुसार आरोपी दिलावर की बच्ची पर काफी समय से बुरी नजर थी। उसने पहले भी बच्ची के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया था, लेकिन तब वह असफल रहा था। 2 अक्टूबर को मौका मिलते ही उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस की कार्रवाई और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी शिकायत मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की और शनिवार, 3 अक्टूबर को आरोपी दिलावर को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस का कहना है कि सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



