राजनांदगांव। जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 हजार रुपये मूल्य का 1.913 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
एसपी के निर्देशन में चल रहा विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में असामाजिक तत्वों, अवैध शराब व गांजा विक्रेताओं और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
घेराबंदी कर रंगे हाथ दबोचा पुलिस को रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गठुला पुल आरएमसी फैक्ट्री रोड के पास एक व्यक्ति अवैध गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की पहचान कौशलेन्द्र साहू उर्फ कास्तु (22 वर्ष), निवासी शंकरपुर (चिखली, राजनांदगांव) तथा स्थायी पता बोरसी (पदमनाभपुर, दुर्ग) के रूप में हुई। आरोपी के पास मौजूद बैग से 1.913 कि.ग्रा. गांजा बरामद किया गया।
हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में रहा है शामिल पुलिस के अनुसार आरोपी कौशलेन्द्र साहू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी जिले के डोंगरगढ़, कोतवाली और चिखली थानों में हत्या (धारा 302), हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसी संगीन धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टंडन, विनोद कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम सहित चिखली चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



