Home समाचार राजनांदगांव में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 चोरी...

राजनांदगांव में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 चोरी की मोटरसायकलें बरामद…

48
0

राजनांदगांव। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस को मोटरसायकल चोरी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरजिले स्तर पर सक्रिय चोर गिरोह का खुलासा किया है। मामले में चोरी की मोटरसायकलें बेचने वाले मुख्य आरोपी और खरीदार समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या था मामला?

दिनांक 06 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता जयकुमार सिन्हा (निवासी शिकारीमहका) ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि साइंस कॉलेज स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के गेट नंबर-02 के पास से उनकी HF Deluxe मोटरसायकल (CG 08 W 7699) चोरी हो गई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 432/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं डीएसपी क्राइम श्री सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध देवाशीष गजेन्द्र को 03 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की और राजनांदगांव, दुर्ग तथा बालोद जिले में अन्य मोटरसायकल चोरियों में अपनी संलिप्तता कबूल की।

खरीदार भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देवाशीष ने चोरी की 3 मोटरसायकलें तिफरा (बिलासपुर) निवासी शेख अमीन को बेची थीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शेख अमीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 मोटरसायकलें बरामद कीं। वहीं मुख्य आरोपी देवाशीष के कब्जे से 4 अन्य मोटरसायकलें, 2 फर्जी आरसी और 1 फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई।

जप्त मोटरसाइकिलों का विवरण:

HF Deluxe – CG 08 W 7699 (ऑडिटोरियम के पास, राजनांदगांव)

Passion Pro – CG 07 BK 5873 (गौरव पथ, राजनांदगांव)

HF Deluxe – CG 06 GD 5286 (नया बस स्टैंड क्षेत्र, राजनांदगांव)

Passion Pro – CG 08 AA 6472 (कलेक्टोरेट परिसर, राजनांदगांव)

SB Shine – CG 07 BS 3785 (थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद)

Honda मोटरसायकल – CG 07 CP 6004 (सिविक सेंटर, भिलाई नगर, जिला दुर्ग)

Honda Shine – (OLX के माध्यम से खरीदी गई)

गिरफ्तार आरोपी:

देवाशीष गजेन्द्र (उम्र 30 वर्ष), पिता– हेमंत कुमार गजेन्द्र, निवासी– परसतरई, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद।

शेख अमीन (उम्र 33 वर्ष), पिता– गुलाम मोहम्मद, निवासी– तिफरा देवनगर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।

दोनों आरोपियों को 04 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। राजनांदगांव पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में आगे की विवेचना जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here