Home छत्तीसगढ़ मनरेगा मजदूरी में प्रति दिन 50 रुपए की कटौती, मचाया हंगामा

मनरेगा मजदूरी में प्रति दिन 50 रुपए की कटौती, मचाया हंगामा

96
0

राजनांदगांव ब्लाक के मोखला गांव का मामला, इंजीनियर और रोजगार सहायिका का किया घेराव, हुई धक्का -मुक्की

राजनांदगांव (दावा)
राजनांदगांव ब्लाक के मोखला गांव में मनरेगा में काम कर रहे मजदूरों के मजदूरी में प्रति दिन के हिसाब से 50 रुपए कटौती करने का मामला सामने आया है। मजदूरी कटौती से आक्रोशित मजदूरों ने शनिवार को कार्य स्थल पर जमकर हंगामा मचाया और वहां मौजूद इंजीनियर और रोजगार सहायिका का घेराव कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार इंजीनियर और रोजगार सहायिका द्वारा मजदूरी कटौती के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इससे नाराज मजदूरों ने जमकर गुस्सा दिखाया और धक्का-मुक्की भी हुई। बताया जा रहा है कि इंजीनयर व रोजगार सहायिका द्वारा मजदूरों के खिलाफ सुरगी पुलिस चौकी में धक्का -मुक्की की शिकायत भी की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कोरोना संकट के बीच मोखला गांव में मनरेगा के तहत तालाब गहरी करण का काम चल रहा है। यहां पर गांव के मजदूर काम कर रहे हैं। मजदूरों ने बताया कि मनरेगा के गाइड लाइन के अनुसार गोदी का काम करने के बाद भी प्रति मजदूर प्रति दिन 50 रुपए की कटौती की गई है। मजदूरों ने कहा कि कटौती के संबंध में इंजीनियर व रोजगार सहायिका को पूछने पर इस संबंधमें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
200 मजदूर कर रहे काम
रोजगार गारंटी योजना के तहत गांव में करीब 200 मजदूर तालाब गहरीकरण के काम में लगे हुए हैं। मई माह के तीसरे सप्ताह के मजदूरी में प्रति मजदूर प्रति दिन 50 रुपए की कटौती की गई है। सभी मजदूरों के मजदूरी में एक साथ प्रति दिन प्रति के हिसाब से 50 रुपए की कटौती से मजदूरों में काफी आक्रोश है। मजदूरों का कहना है कि गोदी के मापदंड़ में सभी मजदूरों द्वारा कम काम तो नहीं किया गया होगा। कुछ मजदूरों के गोदी में लंबाई-चौड़ाई और गहराई में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन सभी मजदूरों के काम में कमी नहीं आ सकती।
12 बाई 12 के अनुसार होता है गोदी का काम
मनरेगा के अंतर्गत भूमि सुधार हो या तालाबव बांध का गहरीकरण काम हो। इसमें 12 फीट लंबा, 12 फीट चौड़ा और 12 इंच गहराई तक एक गोदी में काम होता है। 12 बाई 12 के मापदंड़ के अनुसार काम करने पर एक गोदी में काम करने वाले दो मजदूरों को प्रति मजदूर 190 रुपए के हिसाब से 380 रुपए का भुगतान होता है। मजदूरों ने बेवजह ही प्रति दिन के हिसाब से 50 रुपए की कटौती का आरोप लगाया है।
मजदूरों के खिलाफ सुरगी थाना में शिकायत
मजदूरी कटौती से आक्रोशित मजदूरों द्वारा रोजगार सहायिका आरती मंडावी और जनपद पंचायत के इंजीनियर संजय हेड़ऊ से धक्का मुक्की करने की जानकारी सामने आई है। दोनो अधिकारियों द्वारा इसकी शिकायत सुरगी चौकी में की गई है। इस संबंध में सुरगी चौकी प्रभारी शक्ति सिंग ने बताया कि इंजीनियर और रोजगार सहायिका द्वारा मजदूरों द्वारा धक्का-मुक्की करने की शिकायत की गई है। शिकायत पर मजदूर किरण साहू, ज्योति, यशोदा, भारती, अंगद साहू, हरिशचन्द्र साहू, प्रीतम साहू, व अन्य के खिलाफ शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत पर जांच शुरु कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्सन
मोखला में मनरेगा के तहत चल रहे तालाब गहरीकरण में शासन के मापदंड़ के अनुसार 12 बाई 12 के हिसाब से गोदी खनन करना था। गोदी के नाप में कमी आने पर मजदूरों के मजदूरी में कटौती हुई होगी। गोदी का माप मेट के द्वारा किया जाता है। मजदूर आवेश में आ कर धक्का मुक्की पर उतारु हो गए थे।
संजय हेडाऊ, इंजीनियर जनपद पंचायत
वर्सन
मोखला में मनरेगा मजदूरों के मजदूरी में कटौती होने से हंगामा करने की जानकारी मिली है। मापदंड़ के अनुसार गोदी खनन नहीं करने पर कटौती हुई होगी। मामले की जांच कराएंगे।
जीएस कंवर, सीईओ जनपद पंचायत राजनांदगांव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here