रही सही कसर चूहे निकाल रहे हैं
डोंगरगांव(दावा)। बीते दो माह से जारी लॉकडाऊन के चलते सौंदर्य प्रसाधन का कारोबार करने वाले तथा सेलून व्यवसायियों के समक्ष जीविकोपार्जन की समस्या पहले ही थी, वहीं अब लगातार तालाबंदी के कारण दुकान में रखे समान पूरी तरह बर्बाद हो रहे हैं और रही सही कसर चूहों ने निकाल दी है.
हालात यह है कि दो महीने से जनरल स्टोर्स, ब्यूटी पार्लर व सेलून सहित कुछ अन्य ऐसे व्यवसाय हैं, जिन्हें खोलने के लिए प्रशासन ने मनाही जारी की है तथा आगामी महान्त तक इसके और भी बंद रहने के आसार हैं. इस संदर्भ में सेलून व्यवसायी, ब्यूटीपार्लर व सौंदर्य प्रसाधन सामग्री के विक्रेताओं ने बताया कि उनकी दुकानें बंद हुये दो माह से अधिक समय बीत गया है. अनेक सौंदर्य प्रसाधन व उपयोगी वस्तुएं खराब हो चुकी हैं. वहीं चूहों का आतंक लगातार बंद दुकानों पर अधिक दिखायी दे रहा है, जो महंगी प्रसाधन सामग्रियों को तहस-नहस कर चुके हैं. इसके चलते वे पूरी तरह अनुपयोगी हो गये हैं, जिसका नुकसान व्यवसायियों को झेलना पड़ेगा. वहीं किराये के दुकानों व बिजली का बिल ऐसे व्यवसायियों पर दोहरी मार है. व्यवसायियों की मानें तो लॉकडाऊन में कारोबार पूरी तरह बंद है और आवक शून्य है ऐसे में किराये व बिजली बिल का भुगतान करना भी एक गंभीर समस्या है. वहीं सेलून व्यवसायी व ब्यूटीपार्लर संचालकों ने प्रशासन से इस ओर ध्यान देने तथा बिजली बिल माफ करने व राहत राशि प्रदान करने की मांग की है.



