सावन के महीने में बाबा महाकाल के दर्शन मात्र से मिलती है कष्टों से मुक्ति, होती है मनोकामना पूर्ण
राजनांदगांव (दावा)। महाकाल सेना राजनांदगांव एवं नगर के शिवभक्तों द्वारा बाबा श्री महाकाल जी की सावन पालकी यात्रा आगामी 6 अगस्त (गुरुवार) को दोपहर 2 बजे से निकाली जाएगी। भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में यह भव्य, भक्तिपूर्ण और गरिमामय यात्रा मोतीपुर, बजरंगपुर नवागांव, ममतानगर, लेबर कॉलोनी एवं तुलसीपुर क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ भ्रमण करेगी। इस आयोजन में पवन डागा, महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष पारस तोपेंद्र वर्मा, पार्षद सावन वर्मा, मनोहर यादव, कमलेश बंधे, राजेश (राजू) डागा, अशोक चौधरी, ऋषिदेव चौधरी, रणविजय प्रताप सिंह, राजेंद्र यादव, मदन मंटू यादव, नरेंद्र (मुन्ना) यादव, लाला यादव, रिभय यादव, राजेंद्र जैन बंटू, किसुन यदु, आलोक बिंदल, संतोष पिल्ले, शिव श्रीवास्तव, मनीष जैन, समीर श्रीवास्तव, विश्वेंद्र प्रताप सिंह, अवधेश झा एवं अन्य साथी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
महाकाल सेना के रिभय यादव ने बताया कि बाबा महाकाल चंद्रमौलेश्वर की दिव्य सवारी दोपहर 2 बजे मोतीपुर वार्ड के गणेशपारा से प्रारंभ होकर आजाद चौक, नवागांव शिव मंदिर, सुभाष क्लब, शीतलापारा होते हुए रेलवे अंडरब्रिज से ममतानगर, ठाकुर गुलाबसिंह मार्ग, लेबर कॉलोनी पहुंचेगी और तुलसीपुर संगम चौक में विसर्जित होगी। शोभायात्रा में विभिन्न श्रंगार एवं वेशभूषा में सजीव शिव परिवार तथा शिवगण दर्शकों के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। विभिन्न वार्डों व समाजों के श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पालकी यात्रा का भव्य स्वागत, सत्कार और पूजा-अर्चना की जाएगी। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि सावन मास में राजाधिराज बाबा महाकाल स्वयं श्री चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हालचाल जानने और दर्शन देने निकलते हैं। इस दौरान सच्चे मन से दर्शन करने मात्र से भक्तों के रोग, दोष, भय और कष्टों का निवारण होता है तथा मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। आयोजकों ने संस्कारधानी के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



