Home छत्तीसगढ़ कॉमनवेल्थ से लौटी ‘सिल्वर गर्ल’ ज्ञानेश्वरी का संस्कारधानी में स्वागत…

कॉमनवेल्थ से लौटी ‘सिल्वर गर्ल’ ज्ञानेश्वरी का संस्कारधानी में स्वागत…

25
0

रैली, अभिनंदन के साथ लहराया तिरंगा, राष्ट्रीय पर्व सा रहा माहौल

राजनांदगाँव(दावा)। ग्लासगो ( स्कॉटलैंड ) में आयोजित कॉमन वेल्थ गेम्स में भारोत्तोलन की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव के गृह नगर लौटने पर आज उनका अभूतपूर्व स्वागत हुआ। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सजे रथ में तिरंगा ओढ़े ज्ञानेश्वरी जब बाईक रैली के साथ निकलीं तो लोगों ने नगर की बेटी को आशीर्वाद दिया। यहाँ संस्कारधानी और खेलधानी में आज उन्हें सजे धजे रथ पर बिठाकर शानदार रैली निकाली गई। भव्य अभिनंदन समारोह हुआ। तिरंगा लहराया गया। देश भक्ति के गीतों के बीच पूरा माहौल राष्ट्रीय पर्व सा हो गया। ज्ञानेश्वरी यादव के स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से यादगार बनाने की तैयारी जय भवानी व्यायाम शाला परिवार, नगर निगम ने की। नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित खेल प्रेमियों का उत्साह आज देखते ही बनता था। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज पूर्वान्ह ज्ञानेश्वरी यादव के स्वागत में रेलवे स्टेशन के निकट गायत्री मंदिर चौक (पोष्ट ऑफिस चौक) से विशाल बाइक रैली कामठी लाइन, भारत माता चौक, मानव मंदिर चौक, जयस्तंभ चौक, दुर्गा चौक, गौरव पथ होते हुए आडिटोरियम पहुंची। रैली के दौरान रथ पर आरूढ़ ज्ञानेश्वरी का नागरिकों व नागरिक संगठनों ने आत्मीय स्वागत किया।

महापौर मधुसूदन यादव ने आडिटोरियम के सभागार में बैठे नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव का श्रेष्ठ सम्मान तब होगा जब आप सभी एक साथ खड़े होकर तालियाँ बजायें। खचाचच भीड़ ने बिना देरी किये ऐसा ही किया। फिर महापौर ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने कम आयु में इतनी कड़ी मेहनत अपने लिये ही नहीं की। उनकी मेहनत और सफलता से नगर, जिला, प्रदेश समेत पूरा देश गौरवान्वित है। शहर के स्कूली बच्चों व समाजसेवी महिलाओं सहित विभिन्न संस्था-संगठन के लोगों से खचाखच भरे आडिटोरियम में समाजसेवी अंजुम अल्वी और रईस अहमद शकील द्वारा आई बी ग्रुप की ओर से ज्ञानेश्वरी को मेमोंटो प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसी तरह अग्रवाल समाज, जैन समाज व अन्य समाज द्वारा ज्ञानेश्वरी का स्वागत सम्मान कर हर्ष जताया।

महापौर मधुसूदन यादव ने दिया 2 लाख रुपए का चेक
बता दें कि शहर के प्रथम व्यक्ति महापौर मधुसूदन यादव इन दिनों खासे एक्टिव हैं, उन्होंने ने चाहे पद्मश्री फूलबासन यादव, हो या अंतरराष्ट्रीय बांस वादक विक्रम यादव पर आई आपदा हो या फिर शहर का नाम रौशन करने वाली भारोत्तोलक खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी की जीत की खुशियां स्वयं सामने खड़े रहकर बाईक रैली का नेतृत्व किया और तिरंगा लहराते हुए खुले जीप में सवार होकर ज्ञानेश्वरी के साथ सबका अभिवादन स्वीकार किया। राजनांदगाँव जोन के आईजी अजय यादव ने कहा कि वेट लिफ्टिंग के क्षेत्र में ज्ञानेश्वरी यादव ने बड़ा कमाल कर दिखाया है। अपनी बरसों की मेहनत से जो फल पाने का सपना होता है। उसे हकीकत में बदलकर इन्होंने देश प्रदेश सहित राजनांदगाँव जिले का नाम ऊँचा किया है। पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर स्मृति आडिटोरियम में उनका भव्य नागरिक अभिनंदन हुआ। उन्हें तिरंगा, गुलदस्ता व शाल-श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष सम्मान दिया गया। उक्त अवसर पर एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने बुलंदियों को छुआ है। इन्होंने कॉमन वेल्थ गेम्स के भारोत्तोलन में रजत पदक लाकर देश, प्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया है। सुश्री शर्मा ने कहा मुझे वो दिन याद है जब वे छुट्टी के लिये मेरे पास आयीं थीं।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि सफलता को हावी नहीं होने देना चाहिये। दृष्टि अगले लक्ष्य पर हो। खुद की मेहनत और खुद पर भरोसा रहना चाहिये। ज्ञानेश्वरी में ये बात है। ज्ञानेश्वरी की सफलता पर श्रेय लेने देने तो लोग आते रहेंगे पर अब उन्हें और कड़ी मेहनत करने पर ध्यान लगाना होगा। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा प्रथम गुरु माता- पिता होते हैं। उन्होंने जब विडियो कॉल कर ज्ञानेश्वरी को बधाई दी तो यही कहा कि आज गुरू पूर्णिमा है और सबसे बड़े गुरू माता-पिता ही होते हैं इसलिए उनकी अपेक्षाओं को पूरा करना। अभिनंदन से अभिभूत ज्ञानेश्वरी यादव ने सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें जय भवानी व्यायाम शाला के संस्थापक स्व. पुरुषोत्तम आजमानी (सत्तू भैया) ने आशीर्वाद दिया था। उनका आशीर्वाद फलित हो रहा है ज्ञानेश्वरी ने विनम्र भाव से कहा मैंने कॉमन वेल्थ में पिताजी से फोन पर कहा था कि मुझे सोना मिलना चाहिये था, रजत से संतुष्ट नहीं हूँ, तब पिताजी ने कहा था कि विश्व स्तर के खेल आयोजन में रजत पदक मिलना भी बड़ी बात है। मैं पिताजी की भावनाओं का आदर करती हूँ। मैंने अपने सम्मान में इतनी भीड़ पहली बार देखी है ।अब मेरा लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक है। ज्ञानेश्वरी यादव के प्रशिक्षक, जयभवानी व्यायाम शाला एवं जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष अमित आजमानी ने कहा कि भारोत्तोलन के क्षेत्र में ज्ञानेश्वरी का सफर इसी व्यायाम शाला से शुरू हुआ था। उन्होंने जीवन में अभावों के साथ संघर्ष किया फिर भी अनुशासित होकर कठिन मेहनत करती रहीं। यह सफलता ज्ञानेश्वरी के अपने लगन, परिश्रम, प्रशिक्षण और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जैसी सफलता पायी है उससे भी बड़ी सफलता इन्हें मिलती रहे। इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन संरक्षक एवं पूर्व वेट लिफ्टर अजय श्रीवास्तव ने दिया।

जिले के इन संगठनों ने किया स्वागत
कॉमन वेल्थ गेम में भारोत्तोलन की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का रैली व समारोह में स्वागत शहर-जिले के कई संगठनों ने किया। उन्होंने ऐसा कर अपने परिवार, नगर और प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। ज्ञानेश्वरी यादव के प्रथम राजनांदगांव आगमन पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में शहर कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल के बड़ी संख्या में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गायत्री मंदिर चौक में शाल, श्रीफल और बुके भेंटकर मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत, वंदन और अभिनंदन किया। आयोजक जय भवानी व्यायाम शाला परिवार की ओर से अध्यक्ष अमित आजमानी साथ ही रुचिका आजमानी, अजय लोहार, शशांक तिवारी, मनोज यादव, नीरज शुक्ला, दीपक ठाकुर, अशोक श्रीवास, मोनू बहादुर सिंह आदि ने स्वागत किया। महिला संगठनों की ओर से हेमा सुदेश देशमुख, मुस्लिम समाज की ओर से हाजी रईस अहमद शकील और एबीस ग्रुप से अंजुम अल्वी ने अभिनंदन किया। ज्ञानेश्वरी के स्वागत में सर्व यादव समाज, ब्राह्मण समाज, राजपूत समाज, सतनामी समाज, सिंधी समाज, जिला होटल हलवाई संघ जिला हाकी संघ सहित छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स, खंडेलवाल समाज, सिक्ख समाज, श्रीगुरुसिंग सभा, दमन ग्रुप से संदीप सिंह, दीपक राठौर, नितिनपाल सिंह, ब्रजेश बागड़ी, निशित जैन आदि शामिल रहे। अनेक स्कूली बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी ज्ञानेश्वरी का स्वागत कर बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here