Home samachar गुजराती स्कूल की छात्रा सिद्धि सेन ने जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में...

गुजराती स्कूल की छात्रा सिद्धि सेन ने जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में लहराया परचम, राज्य स्तर के लिए चयनित…

4

राजनांदगांव। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में गुजराती स्कूल की होनहार छात्रा सिद्धि सेन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार सफलता के साथ ही उनका चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडे, पूर्व महापौर व वरिष्ठ नेता मधुसूदन यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा प्रखर एवं ओजस्वी वक्ता सिद्धि सेन को उनकी इस उपलब्धि पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि सिद्धि सेन लगातार विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने अंतरशालेय काव्य पाठ, भाषण प्रतियोगिता और रामायण प्रचारक समिति द्वारा आयोजित स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर श्रोताओं और निर्णायक मंडल पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।

खेल व अन्य गतिविधियों में भी दबदबा

गुजराती शाला के छात्र-छात्राएं न केवल शिक्षा के क्षेत्र में, बल्कि खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। जिला और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भी शाला के विद्यार्थियों का दबदबा कायम है, जो बड़े-बड़े नामी-गिरामी स्कूलों को कड़ी टक्कर देकर संस्था का नाम रोशन कर रहे हैं।

प्रबंधन समिति एवं शिक्षकों में हर्ष की लहर

शाला प्रबंधन समिति और शिक्षकीय स्टाफ बच्चों की इस सफलता से अत्यंत गौरवान्वित है। शाला की प्राचार्य श्रीमती सुषमा शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के निरंतर प्रयास व सहभागिता का ही सुखद परिणाम है कि आज गुजराती स्कूल सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के साथ बराबरी से स्पर्धा कर अपना उत्कृष्ट स्थान बनाए हुए है।

इस गौरवमयी उपलब्धि पर शाला की प्राचार्य श्रीमती सुषमा शुक्ला, उप-प्राचार्य अर्पण श्रीवास्तव, संस्था के अध्यक्ष विनय पटेल, उपाध्यक्ष पवन पटेल, सचिव सी.ए. रूपम सोनछात्रा, कोषाध्यक्ष हिमांशु पटेल, कार्यकारिणी सदस्य सूरज बुद्धदेव, पीयूष पटेल एवं समस्त सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रा सिद्धि सेन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here