धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी करने वाले आरोपी जीवन निषाद (47 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी बच्ची की नाले में बहने से हुई मौत के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानते हुए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। आरोपी ने सबसे पहले पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। जब वह इसमें सफल नहीं हुआ, तो उसने पंप परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों पर माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। पेट्रोल पंप प्रबंधन की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर छानबीन शुरू की और आरोपी को ढूंढ निकाला।
नाले में बच्ची के बहने से था नाराज
पूछताछ के दौरान आरोपी जीवन निषाद ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में उसकी बच्ची गिर गई थी। बाढ़ के तेज बहाव में बह जाने के कारण बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के लिए आरोपी पेट्रोल पंप प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार मान रहा था। इसी आक्रोश में आकर उसने पेट्रोल पंप में आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल, की अपील
मगरलोड पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल माचिस और घटना के वक्त पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले में पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी हादसे या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। यदि किसी प्रकार की शिकायत या आक्रोश हो, तो उसकी सूचना सीधे पुलिस या संबंधित प्रशासन को दें।




