रायपुर / राजनांदगांव: रायपुर के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व रखने वाले स्थल ‘तेलीबांधा’ का नाम बदलने के प्रयासों को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। जिला पंचायत सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की संयुक्त महासचिव एवं जिला साहू संघ राजनांदगांव की पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष व सलाहकार श्रीमती विभा साहू ने तेलीबांधा का नाम यथावत रखने की मांग करते हुए सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करने की सलाह दी है।
विभा साहू ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि तेलीबांधा केवल एक स्थान का नाम नहीं है, बल्कि यह रायपुर की ऐतिहासिक धरोहर और साहू समाज के सम्मान व स्वाभिमान का प्रतीक है। वर्षों से यह नाम प्रदेशवासियों की भावनाओं से गहराई से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि “केवल किसी स्थान का नाम बदल देने से उसका इतिहास नहीं मिटता। वर्तमान में जरूरत इस बात की है कि क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, न कि उसकी ऐतिहासिक पहचान को समाप्त करने की कोशिश की जाए।”
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए विभा साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने माननीय मुख्यमंत्री जी को प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी है। जनता की अपेक्षा है कि प्रदेश में नए उद्योग-धंधे स्थापित हों, कृषि क्षेत्र मजबूत बने, बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, महिलाओं का सशक्तीकरण हो और युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों। जनता ने सरकार को प्रदेश के विकास की बागडोर सौंपी है, न कि ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान वाले स्थानों का नाम बदलने के लिए।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि तेलीबांधा का नाम यथावत रखकर जनता की भावनाओं और साहू समाज के स्वाभिमान का सम्मान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा— “काम बदलिए, विकास कीजिए—नाम नहीं।”




