लंबे समय से लंबित प्रक्रिया पुन: शुरू होने से आम जनता व किसानों को मिली बड़ी राहत, क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
घुमका। नगर पंचायत घुमका एवं आस-पास के ग्रामीण अंचल के नागरिकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से अटकी जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया को प्रशासनिक स्तर पर पुन: सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है।
इस जनहितैषी निर्णय पर नगर पंचायत घुमका की अध्यक्ष फूलमती वर्मा ने राजनांदगांव जिले के कलेक्टर के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है। नगर पंचायत अध्यक्ष फूलमती वर्मा ने बताया कि घुमका क्षेत्र में ज़मीन की रजिस्ट्री बंद होने तथा तकनीकी अड़चनों के कारण आम नागरिकों, किसानों और भू-स्वामियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। संपत्तियों की खरीद-बिक्री ठप होने से न केवल लोगों के पारिवारिक और जरूरी आर्थिक कार्य प्रभावित हो रहे थे, बल्कि स्थानीय विकास की गति भी धीमी पड़ गई थी।
प्रशासनिक संवेदनशीलता से निकला समाधान
अध्यक्ष श्रीमती वर्मा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के त्वरित हस्तक्षेप और संवेदनशील दृष्टिकोण के चलते समस्या का समयबद्ध एवं स्थायी निराकरण संभव हो सका। उन्होंने इस निर्णय को घुमका क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर करार दिया।
रजिस्ट्री प्रक्रिया दोबारा शुरू होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और आम नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।




