डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा सत्र 2026-29 की प्रथम कार्यकारिणी मंडल बैठक 25 अक्टूबर, रविवार को डोंगरगढ़ में आयोजित होगी। यह बैठक राजनांदगांव जिला माहेश्वरी सभा के सहयोग से माहेश्वरी सभा डोंगरगढ़ के आतिथ्य में होगी। बैठक में प्रदेशभर से कार्यकारिणी मंडल के सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे। बैठक का आयोजन शिवा जी इन चंद्रगिरी रोड, डोंगरगढ़ में किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे आगमन, पंजीयन एवं नाश्ते से होगी। इसके बाद सुबह 11.30 बजे से प्रथम सत्र की बैठक प्रारंभ होगी। सत्र में भगवान महेश की पूजा-अर्चना के बाद मंचीय कार्यक्रम होगा। जिसमें माहेश्वरी सभा डोंगरगढ़ के अध्यक्ष सुनील तापडिय़ा और राजनांदगांव जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष संजोग टावरी का उद्बोधन होगा।
प्रदेश मंत्री गजेन्द्र चांडक के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की कार्यसूची में दिवंगत स्वजनों को श्रद्धांजलि एवं शोक प्रस्ताव, प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर राठी का उद्बोधन, पदाधिकारियों का परिचय, महिला संगठन की गतिविधियों की जानकारी तथा जिला अध्यक्षों द्वारा संगठनात्मक रिपोर्ट प्रमुख है। इसके अलावा प्रकोष्ठ संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा, सदस्यता शुल्क पर चर्चा, प्रदेश सभा की आगामी कार्ययोजनाओं पर सुझाव, माहेश्वरी सेवा निधि ट्रस्ट, युवा संगठन के कार्यों तथा आदित्य विक्रम बिड़ला व्यापार सहयोग केंद्र से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में नव निर्वाचित अर्थमंत्री नारायण राठी का स्वागत किया जाएगा तथा उपाध्यक्ष पवन डागा आभार प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रगान के साथ बैठक का होगा समापन
बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा। द्वितीय सत्र के बाद शाम 4 बजे मंदिर दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है। शाम 5 बजे सभी पदाधिकारी मां बम्लेश्वरी के सामूहिक दर्शन एवं आरती के लिए जाएंगे। प्रदेश मंत्री गजेन्द्र चांडक ने सभी कार्यकारिणी मंडल एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों से निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है। उक्त जानकारी प्रदेश सभा के सदस्य एवं मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के उपाध्यक्ष अनिल कुमार गट्टानी ने दी है।




