० शरद पूर्णिमा के शुभ मुहूर्त में ब्रह्ममुहूर्त से हुआ वितरण, देश के कई राज्यों से पहुंचे दमा व श्वास रोगी
० चौकी के लोक कलाकारों की नाचा प्रस्तुति ने बांधा समां, प्रशासन व निगम का रहा सराहनीय सहयोग
राजनांदगांव(दावा)। मानव सेवा व जनकल्याण के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बना चुकी बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। संस्था के आशीर्वादक राष्ट्रीय संत श्रीश्री 1008 योगाधिराज ब्रह्मर्षि बर्फानी दादा के पावन आशीर्वाद से मां पाताल भैरवी राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दश महाविद्या द्वादश ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ बर्फानी आश्रम परिसर में 30 हजार से अधिक श्वास, दमा एवं अस्थमा पीड़ितों को दुर्लभ जड़ी-बूटियुक्त खीर प्रसाद का नि:शुल्क वितरण किया गया।
29 वर्षों से निरंतर जारी है सेवा परंपरा
संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’ ने बताया कि जनकल्याण के तहत संस्था द्वारा पिछले 29 वर्षों से दुर्लभ जड़ी-बूटियां एकत्रित कर पौराणिक मान्यताओं के अनुसार खीर प्रसादी तैयार की जाती है। इस वर्ष भी आश्विन शुक्ल शरद पूर्णिमा पर बने विशेष योग के चलते रात्रि में 16 कलाओं से परिपूर्ण चंद्रमा की अमृतमयी किरणों के नीचे खीर रखी गई। इसके पश्चात ब्रह्ममुहूर्त में मां पाताल भैरवी एवं पूज्य गुरुदेव बर्फानी दादा जी की महाआरती कर संस्था अध्यक्ष राजेश मारू की देखरेख में वितरण प्रारंभ हुआ। जो सूर्योदय के बाद तक निरंतर चलता रहा।
पड़ोसी राज्यों से उमड़ा जनसैलाब
औषधियुक्त खीर प्रसाद ग्रहण करने के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, राजस्थान और उत्तरप्रदेश सहित देश के कई राज्यों से पीडि़त संध्या से ही आश्रम पहुंचने लगे थे। संस्था की सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के सुगमता से प्रसाद प्राप्त हुआ।
नाचा गम्मत मंडली ने रातभर बांधा समां
आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। वनांचल क्षेत्र चौकी की प्रसिद्ध नाचा गम्मत मंडली के कलाकारों ने कर्मा, ददरिया, सुआ, पंथी गीतों के साथ हास्य-व्यंग्य के प्रहसनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने रातभर माता के दरबार में डटे श्रद्धालुओं को भावविभोर और मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रशासनिक मुस्तैदी और निगम आयुक्त ने संभाला मोर्चा
आयोजन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम का पूरा सहयोग रहा। पुलिस बल ने रातभर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था संभाली। वहीं नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम अलसुबह ही अपनी टीम व सफाई कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी निगरानी में पूरे सिद्धपीठ परिसर की त्वरित एवं सघन सफाई करवाकर कचरे का समुचित उठाव कराया। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष राजेश मारू, कोषाध्यक्ष नीलम जैन, महंत गोविंद दास, महेंद्र लुनिया, संतोष खंडेलवाल, आलोक जोशी, लीलाधर सिंह, बलविंदर सिंह भाटिया, कुलबीर छाबड़ा, संजय खंडेलवाल, योगेंद्र पांडे, मनीष परमार, संतोष साहू, शुभम शर्मा, मौलेश तिवारी तथा दीपक यादव (महावीर हलवाई) सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी सदस्यों व श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




