शरद पूर्णिमा पर प्रेस क्लब में बही सुर-संगीत व साहित्य की काव्य धारा, बटी अमृत तुल्य खीर प्रसादी
राजनांदगांव (दावा)। प्रेस क्लब में शरद पूर्णिमा का पर्व सुर-संगीत व काव्य धारा के आयोजन के बीच हर्षोल्लास से मनाया गया। प्रेस क्लब के संरक्षक, वरिष्ठ पत्रकार एवं सम्पादक दीपक बुद्धदेव, सी एल जैन ‘सोना’, पुरुषोत्तम तिवारी, विनेश चोपड़ा के संरक्षकत्व एवं राजगामी संपदा की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू के आतिथ्य व समाजसेवी श्रीमती शारदा तिवारी के विशेष अतिथ्य में आयोजित शरद पूर्णिमा के कार्यक्रम में आगत आतिथियों द्वारा सर्वप्रथम सुर-संगीत एवं ज्ञान की देवी मां सरस्वती का पूजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ साहित्य सृजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ‘अकाट्य’ व दुर्ग निकुम से पधारे कवि प्यारेलाल देशमुख के मां सरस्वती वंदन गान से शुरू हुआ। इसके बाद दुर्ग से पधारी कवयित्री सोनिया नायडू द्वारा श्री गणेश वंदना की गई। इस दौरान सुमधुर गायिका श्रीमती प्रज्ञा गुप्ता ने छत्तीसगढ़ी राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का गान कर कार्यक्रम को उंचाई दी। इस दौरान कलाकारों के प्रदर्शन से प्रेस क्लब भवन का हाल तालियां की गडग़ड़ाहट से गूंज गया।
सुर-संगीत व काव्य रंग की बही धारा
शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रेस क्लब में आयोजित सुर-संगीत व काव्य धारा वाले आयोजन को संबोधित करते हुए संरक्षक श्री बुद्धदेव ने इस गरिमामय आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और सभी को शरद पूर्णिमा की बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता के साथ साहित्य का समावेश होने से पत्रकारिता सकारात्मक हो जाती है। उन्होंने सुर-संगीत प्रवाह में सुमधुर गीत ‘चल अकेला, चल अकेला’-गाकर शमा बांध दिया। वहीं पूर्णिमा साहू ने हंस वाहिनी, ज्ञान दायिनी का गान कर मां सरस्वती के चरणों में नमन किया। इसी तरह साहित्य समिति के मानसिंह ‘मौलिक’ ने सुमधुर भजन सुनाकर लोगों का दिल जीता। पुरषोत्तम तिवारी ने ‘जब जिद में आई पार्वती’, वाला सुमधुर भजन सुनाया और कोशा के नेतृत्व में आयोजित इस सांगीतिक/साहित्यिक आयोजन सफल रहा। कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि व सचिव अनिल त्रिपाठी व साहित्यिक सांस्कृतिक सचिव आत्माराम कोशा ‘अमात्य’ व शुभम उपाध्याय द्वारा द्वारा संरक्षकों व आगत अतिथियों का सम्मान पुष्प हार से किया गया। अग्रहरि ने प्रेस क्लब में अपरिहार्य कारणों वश कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित नहीं हो पाए महापौर मधुसूदन यादव की ओर से सभी कला साहित्य एवं सेवाधर्मियों सहित पत्रकार बंधुओं को शरद पूर्णिमा की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
प्रेस क्लब द्वारा आयोजित शरद पूर्णिमा के साहित्यक व सांगीतिक आयोजन में हारमोनियम पर संगत गोविंद साव, बैंजों पर पप्पू ‘पौर्वात्य’ कलिहारी, तबले पर मोतीलाल व ढोलक पर महावीर साहू ने की। कार्यक्रम में अतिथिगण। दिग्विजय कालेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ शंकर मुनि राय तथा अध्यक्षता कमला कालेज के प्रोफेसर डॉ ओंकार लाल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इस अवसर पर साहित्य समिति व कस्तुरबा महिला मंडल व आराधना मंच द्वारा ‘राजनांदगांव रत्न’ से सम्मानित हुई श्रीमती शारदा तिवारी का सम्मान श्रीफल व पुष्प गुच्छ देकर तथा शाल ओढ़ाकर किया गया। श्रीमती साधना तिवारी माला शुक्ला व अनिता जैन सुषमा सिंह राजपूत द्वारा काव्य पंक्तियां पढ़ी गई। वहीं बालोद से पधारी कवयित्री गायत्री साहू शिवांगी, करिश्मा श्रीवास्तव ने बेटियां व बाबा से संबंधित मार्मिक कविता का पाठ किया। इस दौरान दुर्ग भिलाई, बालोद, मानपुर मोहला, डोंगरगांव आदि क्षेत्रों आए बड़ी संख्या में कवि साहित्यकारों, कलाकारों व पत्रकारो में अमृत तुल्य खीर प्रसादी का वितरण किया गया। कार्यक्रम का ओजस्वी संचालन कवि शैलेष गुप्ता ने किया। वहीं उपस्थितों का आभार प्रदर्शन प्रेस क्लब सचिव अनिल त्रिपाठी द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन साहित्य समिति के राकेश इंदु भूषण ठाकुर द्वारा किया गया।




