छठी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर बिलासपुर, दुर्ग सहित प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिभागी
अबेकस से बढ़ता है आत्मविश्वास और एकाग्रता: अतिथि
राजनांदगांव (दावा)। बच्चों की बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और मानसिक गणना कौशल को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से पिनेकल इंस्टीट्यूट, राजनांदगांव द्वारा छठी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता ‘अबेकस चैंपियन लीग 2026’ का आयोजन किया गया।
इस राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न शहरों से पहुंचे करीब 350 नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी त्वरित गणना क्षमता, गति और सटीकता का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में राजनांदगांव सहित रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली और दल्लीराजहरा के विभिन्न केंद्रों से आए बच्चों ने विभिन्न वर्गों व स्तरों में हिस्सा लिया। बच्चों के मानसिक गणित के तेज प्रदर्शन और अभिभावकों के उत्साह ने पूरे माहौल को ऊर्जावान बनाए रखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रकाश खुंटे एवं नीरज बाजपेयी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भावेश बैद व श्रीमती श्वेता बैद, सीए निकिता कोठारी सुरजन, अर्चित अग्रवाल व श्रीमती वसुधा अग्रवाल, अतिन जैन व श्रीमती रुचि जैन, मयंक जैन व श्रीमती दीपाली जैन तथा अंकित कांकरिया व श्रीमती अंकिता कांकरिया शामिल हुए। अतिथियों ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आज के डिजिटल दौर में अबेकस जैसी पद्धतियां बच्चों की स्मरण शक्ति, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने में बेहद कारगर हैं। ऐसी प्रतिस्पर्धाएं बच्चों में स्वस्थ खेल भावना और निरंतर अभ्यास की आदत विकसित करती हैं।
2016 से बच्चों के बौद्धिक विकास में जुटा संस्थान
पिनेकल इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर अभिषेक शर्मा एवं श्रीमती तनुश्री शर्मा ने बताया कि संस्था वर्ष 2016 से शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्थान का मुख्य लक्ष्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ तार्किक सोच और त्वरित निर्णय क्षमता देना है। इसी उद्देश्य से हर साल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच मिल सके। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों और सहयोगी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के जरिए बच्चों की प्रतिभा को तराशने की प्रतिबद्धता दोहराई।



