Home Uncategorized वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान से चुनावी पारदर्शिता की लड़ाई तेज करेगी...

वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान से चुनावी पारदर्शिता की लड़ाई तेज करेगी कांग्रेस: शाहिद भाई…

42

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल

गांवों में चलेगा 25 नवंबर तक जनसंवाद, नवंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली की तैयारी

खैरागढ़। मतदाता सूची में पारदर्शिता, निर्वाचन आयोग की जवाबदेही और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को व्यापक स्तर पर तेज करने जा रही है। जिला पत्रकार संघ भवन में आयोजित पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं अभियान के जिला प्रभारी शाहिद भाई ने निर्वाचन प्रणाली और मतदाता सूचियों में कथित विसंगतियों को लेकर केंद्र सरकार व चुनाव आयोग पर तीखे प्रहार किए।

शाहिद भाई ने कहा कि लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रखना और चुनावी प्रक्रिया में जनता का भरोसा बहाल करना इस अभियान का मुख्य ध्येय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने, दोहरे पंजीकरण और चुनावी आंकड़ों की पारदर्शिता को लेकर गंभीर खामियां सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच आवश्यक है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र, कर्नाटक (महादेवपुरा), आलंद और हरियाणा में मतदाता सूची से जुड़े उठाए गए सवालों का हवाला देते हुए मशीन-पठनीय डिजिटल डेटा सार्वजनिक करने की मांग की।

मतदाता सूची में बदलाव का पूरा ब्योरा हो सार्वजनिक

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत किए जाने वाले बदलावों का पूरा विवरण पारदर्शी होना चाहिए। जिन मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाते हैं, उन्हें पूर्व सूचना और अपील का वैधानिक अवसर मिलना चाहिए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया और संस्थागत स्वतंत्रता की समीक्षा पर भी बल दिया।

गांव-गांव जनसंवाद और दिल्ली में राष्ट्रीय रैली

अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए शाहिद भाई ने बताया कि 25 अक्टूबर से जिला व राज्य स्तर पर पत्रकार वार्ताओं का क्रम शुरू हो चुका है। इसके तहत बूथ स्तर पर सूचियों का सत्यापन, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में सघन जनसंवाद तथा नवंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के साथ राष्ट्रीय महारैली की तैयारी है। कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्तावों का हवाला देते हुए उन्होंने कथित तौर पर हटाए गए नामों की बहाली और गड़बड़ियों की समयबद्ध जांच की मांग दोहराई।

पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत जैन (राजनांदगांव), जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष संदीप सिरमौर सहित संगठन के अनेक प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here