Home Uncategorized कभी राशन खत्म तो कभी सर्वर डाउन: 2 किमी दूर जाने को...

कभी राशन खत्म तो कभी सर्वर डाउन: 2 किमी दूर जाने को मजबूर दाऊचौरावासी, कलेक्ट्रेट पहुंच दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

20

कांग्रेस जिला प्रवक्ता मनोहर सेन के नेतृत्व में वार्डवासियों ने अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उचित मूल्य की दुकान को वापस वार्ड में संचालित करने की मांग, मांग पूरी न होने पर सपरिवार धरने की चेतावनी

(यतेन्द्र जीत सिंह ‘छोटू’ / ब्यूरो चीफ, खैरागढ़)

खैरागढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन के लिए वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 दाऊचौरा के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वितरण व्यवस्था की अव्यवस्था और मनमानी से त्रस्त वार्डवासियों ने सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मनोहर सेन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के समक्ष गहरा आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर समस्या के समाधान की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर वे बच्चों और परिवार सहित कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे।

वार्ड से 2 किमी दूर संचालक के घर शिफ्ट हुई दुकान

वार्डवासियों ने बताया कि पहले शासकीय उचित मूल्य की दुकान वार्ड के भीतर ही संचालित होती थी, जिससे हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में सुगमता रहती थी। आरोप है कि श्रद्धा साईं महिला स्वावलंबन केंद्र समिति को संचालन की जिम्मेदारी मिलने के बाद दुकान को वार्ड से हटाकर संचालक के निजी निवास पर शुरू कर दिया गया। इसके चलते लोगों को राशन लेने के लिए लगभग दो किलोमीटर का सफर तय कर जाना पड़ रहा है।

चक्कर काटने को मजबूर बुजुर्ग व महिलाएं

हितग्राहियों का कहना है कि दो किलोमीटर पैदल चलने के बाद भी राशन मिलने की कोई गारंटी नहीं होती। दुकान संचालक द्वारा कभी सर्वर डाउन होने तो कभी स्टॉक खत्म होने का हवाला देकर लोगों को बैरंग लौटा दिया जाता है। इस अव्यवस्था के कारण विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी दैनिक मजदूरी व समय का भारी नुकसान हो रहा है।

7 दिनों में निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने राशन दुकान को पुनः दाऊचौरा वार्ड में ही स्थानांतरित करने तथा वितरण प्रणाली की निष्पक्ष जांच कर समय पर खाद्यान्न सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। प्रशासन को 7 दिन का समय देते हुए स्पष्ट किया गया है कि यदि जनहित में निर्णय नहीं लिया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से देवकी देवांगन, केसर सेन, अजय देवांगन, गोविंद सारथी, अशोक सारथी, आशा धुर्वे, सुनीता यादव, कमला सारथी, सीता पटेल, झमीन यादव, हेमलता देवांगन, प्रभा सेन, कांति देवांगन, लीला देवांगन, कुंवरिया देवांगन, रेखा देवांगन, सुरेखा देवांगन सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here