Home Uncategorized कृषक उन्नति योजना: साय सरकार का ऐतिहासिक फैसला, किसानों को प्रति एकड़...

कृषक उन्नति योजना: साय सरकार का ऐतिहासिक फैसला, किसानों को प्रति एकड़ मिलेंगे ₹13,839भाजपा नेताओं ने बताया ‘मास्टर स्ट्रोक’, कहा- अब खत्म होगा बिचौलियों का खेल…

49

 

रायपुर/अंचल प्रतिनिधि।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘किसान ही देश की रीढ़ हैं’ के संकल्प को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन द्वारा खरीफ वर्ष 2026 से ‘कृषक उन्नति योजना’ के नवीन दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ ₹13,839 की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में (DBT) प्रदान की जाएगी।

कम उपज होने पर भी नहीं होगा नुकसान
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, यह राशि ₹3,100 प्रति क्विंटल और कॉमन ग्रेड धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (₹2,441) के अंतर (₹659) के आधार पर अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से तय की गई है। योजना की सबसे बड़ी राहत यह है कि यदि कोई किसान किसी कारणवश समिति में प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे उसके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी ₹13,839 प्रति एकड़ की दर से सहायता राशि मिलेगी। इसके साथ ही ‘छ.ग. राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम’ को प्रमाणित धान बीज बेचने वाले किसानों को भी इसका पूरा लाभ दिया जाएगा।

पारदर्शिता के लिए एग्रीस्टैक और डिजिटल क्रॉप सर्वे अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का ‘एग्रीस्टैक’ (Agristack) पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य किया गया है। सहायता राशि का भुगतान डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) या गिरदावरी के माध्यम से सत्यापित रकबे के आधार पर ही किया जाएगा। हालांकि, ग्रीष्मकाल में बोए गए धान पर यह योजना लागू नहीं होगी।

विपक्ष पर तीखा प्रहार
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप वर्मा ने इस निर्णय को किसानों की उन्नति के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि राशि सीधे खातों में जाने से भ्रष्टाचार और बिचौलियों का खेल पूरी तरह खत्म हो जाएगा। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने आज तक किसानों का उपयोग केवल वोट बैंक के रूप में किया और उन्हें गरीबी के जाल में उलझाए रखा। वहीं, पीएम मोदी के मार्गदर्शन में विष्णुदेव साय सरकार अन्नदाताओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पित है।”

किसानों के हित में ‘मास्टर स्ट्रोक’
सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अंबर जोशी ने इस फैसले को कृषि क्षेत्र में ‘मास्टर स्ट्रोक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय साबित करता है कि भाजपा सरकार सच्चे अर्थों में किसान-हितैषी है। उन्होंने अंचल के सभी किसानों को इस लाभकारी योजना के लिए शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here