0 रोशनी और रंगों से जगमगाया परिसर
0 70 परिवारों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा; आकर्षक लाइटिंग और सुसज्जित गार्डन देखने देर रात तक पहुंचे शहरवासी
राजनांदगांव । शहर की प्रतिष्ठित आवासीय कालोनी महावीर सन सिटी में दीपावली महापर्व के पावन उपलक्ष्य में परंपरा अनुसार इस वर्ष भी दीया सजाओ, रंगोली, लाइटिंग एवं गार्डनिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के तहत 6 नवंबर धनतेरस की शुभ संध्या पर ‘दीया सजाओ’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं 7 नवंबर रूप चौदस के अवसर पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता के साथ-साथ आवासों की आकर्षक विद्युत सज्जा (लाइटिंग) एवं गार्डनिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सतरंगी छटा और कलात्मकता का दिखा संगम
प्रतियोगिता में सनसिटी के लगभग 70 परिवारों ने बढ़-चढक़र भाग लेते हुए अपनी उत्कृष्ट कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई एक से बढक़र एक मनमोहक, पारंपरिक व आधुनिक रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं घरों पर की गई बहुरंगी रोशनी और सुरुचिपूर्ण तरीके से संवारे गए उद्यानों ने पूरे सनसिटी परिसर को दीपोत्सव के उल्लास से सराबोर कर दिया। आयोजन का आकर्षण ऐसा रहा कि शहरवासी देर रात तक सनसिटी पहुंचकर कलाकृतियों और जगमगाती सजावट का अवलोकन करते रहे। दोनों दिन निर्णायक मंडल एवं प्रभारियों ने प्रत्येक प्रतिभागी के आवास और कलाकृतियों का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर मूल्यांकन किया।
निर्णायक मंडल ने किया बारीकी से निरीक्षण
आयोजन को सफल बनाने में सनसिटी अध्यक्ष आनंद चोपड़ा के नेतृत्व में संयोजक नीलू अग्रवाल व पिंकी माहेश्वरी, निर्णायक मंडल के अतुल चोपड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील माहेश्वरी तथा कोषाध्यक्ष राजेश डागा की सक्रिय भूमिका रही। इसके साथ ही प्रभारीगण कीर्ति अग्रवाल, रूपाली गांधी, रितिका तिवारी, नीलम सोनी, मेघाली चोपड़ा, अर्पिता जेठानी, मनीषा देवांगन, निशा डागा एवं प्रभा गोलछा सहित सभी सदस्यों ने उपस्थित निर्णायकों के साथ स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्था संभाली। सोसाइटी के सभी परिवारों की एकजुटता और सहभागिता से यह आयोजन कला, रचनात्मकता और सामाजिक सौहार्द का यादगार पर्व बन गया। उक्त जानकारी पीआरओ मनीष साहिता, कुणाल शर्मा एवं योगेश कोटक ने दी।




