लोन सेटलमेंट के एवज में मांगी थी घूस; पहली किस्त लेते ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने की घेराबंदी

रायपुर से पहुंची एसीबी टीम ने बसंतपुर थाने में दी दबिश, आरोपी प्रधान आरक्षक गिरफ्तार
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को राजनांदगांव के बसंतपुर थाने में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) किशोर यादव को 20 हजार रुपये की नकद रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह घूस एक निजी लोन सेटलमेंट के मामले में मांगी गई थी। थाने के भीतर हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
लोन सेटलमेंट के नाम पर मांगी थी मोटी रकम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी के लगभग 18 लाख रुपये के लोन सेटलमेंट से जुड़े मामले में बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव द्वारा मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोपी ने मामले को रफा-दफा करने व राहत दिलाने के लिए प्रार्थी पर दबाव बनाया था। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके चलते उसने पूरे मामले की लिखित शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से कर दी।
जाल बिछाकर थाने में ही किया ट्रैप
शिकायत के प्राथमिक सत्यापन के बाद एसीबी डीएसपी के नेतृत्व में राजधानी रायपुर से अधिकारियों की विशेष टीम राजनांदगांव पहुंची। योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाते हुए प्रार्थी को केमिकल लगे नोट देकर प्रधान आरक्षक के पास भेजा गया। जैसे ही प्रार्थी ने पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपये नकद बसंतपुर थाने में किशोर यादव को सौंपे, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी
रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद टीम ने आरोपी प्रधान आरक्षक के हाथ धुलवाए, जिसमें नोटों पर लगे केमिकल के साक्ष्य स्पष्ट पाए गए। एसीबी की टीम आरोपी प्रधान आरक्षक को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई कर रही है। थाने के भीतर घूसखोरी के मामले में हेड कांस्टेबल की इस गिरफ्तारी से स्थानीय पुलिस महकमे में भारी सनसनी फैल गई है।



