‘मोर जमीन मोर मकान’ घटक के तहत घर-घर सर्वे कर पात्र हितग्राहियों का हुआ चयन
सीएमओ ने आवासों में वाटर हार्वेस्टिंग और पीएम सूर्य घर सोलर प्लांट लगाने का किया आह्वान
घुमका। नगर पंचायत घुमका में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी (2.0) ‘मोर जमीन मोर मकान’ (BLC) घटक के तहत 246 पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए विधिवत अनुज्ञा प्रदान की गई। शासन की मंशानुरूप प्रत्येक आवासविहीन परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में नगर पंचायत द्वारा सभी वार्डों में घर-घर सर्वे कर हितग्राहियों का चयन किया गया था।
अनुज्ञा वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलमति वर्मा ने सभी हितग्राहियों से अपील की कि वे यथाशीघ्र अपने आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कर शासन द्वारा दी जाने वाली 32,750 रुपये की अतिरिक्त सम्मान निधि राशि का लाभ अवश्य उठाएं।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ज्ञानेश्वर प्रसाद देवदास ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत पर बल देते हुए हितग्राहियों से अपने-अपने नवनिर्मित आवासों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने तथा ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना’ के अंतर्गत सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलमति वर्मा, उपाध्यक्ष नोहेन्द्र सिन्हा, पार्षद श्रीमती उषा वर्मा, श्रीमती लोकेश्वरी पात्रे, श्रीमती रुखमणी वर्मा, रामचंद्र वर्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।



