Home samachar एक नवंबर की महारैली में जुटेगी कांग्रेस, संघर्ष जारी रहेगा – राजेश...

एक नवंबर की महारैली में जुटेगी कांग्रेस, संघर्ष जारी रहेगा – राजेश ठाकुर

8

एसआईआर में गड़बड़ी और मतदाता सूची से नाम काटने के मुद्दे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

राजनांदगांव (दावा)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के प्रभारी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सोमवार को राजनांदगांव में भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए इसे लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। सोमवार को प्रभारी राजेश ठाकुर के राजनांदगांव पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। सबसे पहले रायपुर नाका स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं है। चुनाव के दौरान मतदाताओं के नाम जोडऩे और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही जरूरी है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित गड़बडिय़ों से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
राजेश ठाकुर ने राहुल गांधी की ओर से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूची में गड़बडिय़ों का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने 7 फरवरी 2025 को महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच मतदाताओं की संख्या में हुई वृद्धि पर सवाल उठाए थे। श्री ठाकुर के अनुसार महाराष्ट्र में कुछ महीनों के भीतर करीब 39 लाख मतदाता बढ़े, जबकि इससे पहले के पांच वर्षों में लगभग 32 लाख मतदाता बढ़े थे। श्री ठाकुर ने बेंगलुरु के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र का भी उल्लेख किया। जहां राहुल गांधी ने 7 अगस्त 2025 को मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के आंकड़े सार्वजनिक किए थे। कांग्रेस ने दावा किया था कि वहां करीब 1,00,250 मतदाताओं के वोट प्रभावित हुए। जिनमें संदिग्ध तस्वीरों, आवेदन पत्रों के दुरुपयोग और अन्य अनियमितताओं के मामले शामिल थे। इन मामलों में पारदर्शी जांच और जवाबदेही जरूरी है। कांग्रेस की मांग है कि मतदाता सूची से नाम हटाने और जोडऩे की प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें। पत्रकारवार्ता के बाद सतनाम भवन में शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। इसमें अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा हुई। ठाकुर ने जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। एसआइआर के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया जाता है, तो उसकी शिकायत की जांच होनी चाहिए और नियमानुसार सुधार किया जाना चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाकर मताधिकार की सुरक्षा के लिए अभियान चलाएगी। कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सभी प्रदेश और जिला इकाइयों को महारैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रैली का उद्देश्य मतदान के अधिकार की रक्षा और मताधिकार को कमजोर करने के कथित प्रयासों के विरुद्ध एकजुट आवाज उठाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here