Home samachar विकसित भारत युवा संसद 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता 4 नवंबर...

विकसित भारत युवा संसद 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता 4 नवंबर को, विषय रहेगा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’…

8

शीर्ष तीन प्रतिभागियों को मिलेगा राज्य स्तर पर अवसर
पंजीकरण एवं आवेदन

18 से 25 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग

राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ मेरा युवा भारत’ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत विकसित भारत युवा संसद 2027 की जिला स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन 4 नवंबर को शासकीय दिग्विजय ऑटोनोमस कॉलेज राजनांदगांव में प्रात: 10 बजे किया जाएगा।

प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए मंच प्रदान करना तथा उनमें लोकतांत्रिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। यह पहल विकसित भारत ञ्च2047 के संकल्प के अनुरूप युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। युवा संसद के माध्यम से प्रतिभागियों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रियाओं तथा समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा भाग लेने के पात्र होंगे। आयु की गणना निर्धारित कट-ऑफ तिथि 17 अगस्त 2026 के अनुसार की जाएगी। प्रतिभागियों को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी सहित अनुमत भाषाओं में अपना भाषण प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु की प्रासंगिकता, भाषण की स्पष्टता एवं संरचना, मौखिक संप्रेषण, शारीरिक हाव-भाव, नवाचार एवं रचनात्मकता, भाषा एवं प्रवाह तथा निर्धारित समय-सीमा के पालन जैसे मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।

जिला स्तरीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। विकसित भारत युवा संसद 2027 युवाओं में राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, विभिन्न विचारों के प्रति सम्मान एवं सहिष्णुता विकसित करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सार्थक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है।

इसके माध्यम से युवा अपनी तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता तथा नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगे। इच्छुक एवं पात्र युवा मेरा युवा भारत के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतिभागियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पूर्व प्रतियोगिता से संबंधित पात्रता शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर लें। मेरा युवा भारत, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) द्वारा जिले के सभी पात्र युवाओं से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपने विचारों, तर्कों और रचनात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here