गौ हत्या की घटना के विरोध में 28 अक्टूबर को कलेक्टर व एसडीएम को सौंपा गया था ज्ञापन
राजनांदगांव (दावा)। गौ माता को ‘राज्य माता’ घोषित करने की मांग को लेकर संस्कारधानी में धर्म और संस्कृति की अलख जग गई है। सर्व ब्राह्मण समाज एवं समस्त सनातनी समाज के संयुक्त प्रयासों से इस अभियान को अब व्यापक रूप दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बीते 12 अक्टूबर को गौ माता की हत्या की निंदनीय घटना के विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज और सर्व सनातनी समाज ने एकजुट होकर 28 अक्टूबर को कलेक्टर एवं एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रयास किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातनी समाज के सामूहिक सहयोग का परिणाम रहा। इस एकजुटता और सहयोग के लिए आयोजकों ने सभी विप्रजनों व सनातनियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस मुहिम को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाने के लिए समाज ने अगला बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। गौ माता को आधिकारिक रूप से ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर बहुत जल्द राजनांदगांव से राजधानी रायपुर तक एक विशाल यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने इस ऐतिहासिक और धार्मिक यात्रा में सर्व समाज, ब्राह्मण बंधुओं और सनातनी नागरिकों से बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की है। रायपुर प्रस्थान की निश्चित तिथि एवं समय की विधिवत घोषणा शीघ्र की जाएगी।




