Home samachar खैरा में सौर क्रांति का मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने किया...

खैरा में सौर क्रांति का मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने किया अवलोकन, हर घर में बिजली उत्पादन की पहल बनी देश के लिए मिसाल…

9

गांव के सभी 141 घरों में स्थापित हैं रूफटॉप सोलर सिस्टम, 282 किलोवाट की सौर क्षमता से ग्रामीणों की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिली नई दिशा
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश का पहला शत-प्रतिशत सौर गांव बनने का गौरव हासिल करने वाले राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा का राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने गांव के सभी घरों में स्थापित रूफटॉप सोलर सिस्टम का निरीक्षण कर योजना के क्रियान्वयन, सौर ऊर्जा उत्पादन और ग्रामीणों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर, ग्राम प्रमुख श्री कुंज लाल साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सामुदायिक सहभागिता से ग्राम खैरा ने राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है। गांव के सभी 141 घरों की छतों पर 2 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इससे गांव में लगभग 282 किलोवाट की कुल सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित हुई है। 889 की आबादी वाले इस गांव में शत-प्रतिशत घरों को सौर ऊर्जा से जोडऩा ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अवलोकन के दौरान मुख्य अभियंता श्री मेश्राम ने सौर ऊर्जा व्यवस्था को ग्रामीण विकास और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोडऩे के साथ बिजली बिल में राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का अवसर प्रदान कर रही है। ग्राम खैरा की उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और विभिन्न संस्थाओं के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में भी ब?े बदलाव संभव हैं। इस परियोजना की विशेषता यह है कि ग्रामीणों को सोलर सिस्टम स्थापना के लिए अपनी ओर से कोई राशि खर्च नहीं करनी पड़ी। केंद्र एवं राज्य शासन की सब्सिडी के बाद शेष राशि की व्यवस्था कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के सहयोग से की गई। गांव के 141 सोलरयुक्त घरों में से 93 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के हैं। इससे सीमित आय वाले और जरूरतमंद परिवारों को भी सौर ऊर्जा का लाभ मिला है। गांव में सौर ऊर्जा अभियान को सफल बनाने में स्थानीय महिलाओं और पीएम सूर्य सखियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सूर्य सखियों ने घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने, आवेदन प्रक्रिया समझाने और आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग किया।

स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी और ग्रामीणों के सहयोग से गांव के प्रत्येक परिवार को इस पहल से जोड़ा गया। रूफटॉप सोलर सिस्टम के माध्यम से ग्रामीण अब स्वयं बिजली का उत्पादन कर रहे हैं। नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत घरेलू उपयोग के बाद अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे ग्रामीण केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादन में सहभागी बनकर ऊर्जादाता की भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम खैरा की यह उपलब्धि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करने की प्रेरक मिसाल है। मुख्य अभियंता द्वारा गांव का अवलोकन इस सफल मॉडल को समझने तथा सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता और प्रोत्साहन को आगे बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। खैरा की यह पहल प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी अनुकरणीय मॉडल बनकर ग्रामीण भारत में स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता का संदेश दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here