अंबागढ़ चौकी (दावा)। नगर पंचायत परिषद की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को नगर पंचायत सभाकक्ष में अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। नई परिषद के पौने दो वर्ष के कार्यकाल की इस 18वीं सामान्य सभा में नगर विकास, निकाय की आय में वृद्धि और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। बैठक में बस स्टैंड क्षेत्र में नए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण का संकल्प पारित करते हुए आगामी छह माह के भीतर शासन से अनुदान प्राप्त करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया। बैठक के प्रारंभ में सीएमओ विजय पांडे ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए एजेंडा प्रस्तुत किया। इसके पश्चात नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर पार्षदों से विस्तृत चर्चा कर सुझाव आमंत्रित किए।
आय वृद्धि और रोजगार के लिए 2 वार्डों में बनेगा कॉम्प्लेक्स
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने बताया कि नगरीय निकाय की आय बढ़ाने और स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस स्टैंड स्थित वार्ड क्रमांक 9 एवं वार्ड क्रमांक 3 में आधुनिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। इसके लिए पालिका बाजार योजना के तहत शासन को विस्तृत कार्ययोजना भेजकर आवश्यक अनुदान की मांग की जाएगी। सदन में उपस्थित सभी पार्षदों ने इस प्रस्ताव का ध्वनिमत से समर्थन किया।
प्रभावित दुकानदारों को मिलेगा स्थायी व्यवस्थापन का लाभ
बस स्टैंड में प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स स्थल पर वर्तमान में लगभग 8 से 10 व्यवसायी अस्थायी आवंटन के तहत दुकानें संचालित कर रहे हैं। अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने स्पष्ट किया कि निकाय किसी भी व्यापारी का अहित नहीं होने देगा और न ही किसी की रोजी-रोटी प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि शासकीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कॉम्प्लेक्स निर्माण से प्रभावित होने वाले दुकानदारों को नए कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी। नीलामी प्रक्रिया में उन्हें नियमानुसार छूट व प्राथमिकता दी जाएगी। जिससे वे भूमि व दुकान के विधिवत आवंटन के साथ स्थायी रूप से निर्बाध व्यवसाय कर सकें।
एसबीआई शाखा जल्द शुरू करने की मांग, 16 लाख के अतिरिक्त खर्च पर ऐतराज
परिषद ने वार्ड क्रमांक 3 स्थित बस स्टैंड के मंगल भवन को भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा के लिए 51,000 प्रतिमाह की दर से 4 माह पूर्व किराये पर आवंटित किया था। अनुबंध निष्पादित होने और निकाय को दो माह का किराया मिलने के बावजूद शाखा शुरू न होने पर पार्षदों ने कड़ी नाराजगी जताई। चर्चा में सामने आया कि बैंक प्रबंधन द्वारा शाखा सेटअप पर आने वाले लगभग 16 लाख रुपये के व्यय की मांग निकाय से की जा रही है। इस पर नगर अध्यक्ष व पार्षदों ने स्पष्ट किया कि अनुबंध से पूर्व ऐसी कोई शर्त नहीं थी। निकाय पहले से ही अधिक स्थापना व्यय और सीमित वित्तीय संसाधनों से जूझ रहा है, ऐसे में यह अतिरिक्त वित्तीय भार वहन करना संभव नहीं है। परिषद ने बैंक प्रबंधन से बिना किसी देरी के जनहित में तत्काल शाखा का संचालन शुरू करने का आग्रह किया है।
नई कॉलोनियों तक पहुंचेगा पाइप लाइन नेटवर्क
बैठक में जल आवर्धन योजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2016-18 की इस योजना के धरातल पर उतरने के दौरान नगर का काफी विस्तार हुआ है और कई नई आवासीय कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। पेयजल संकट से बचाव के लिए परिषद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि नगर के सभी नवविकसित व विस्तारित क्षेत्रों तक पाइपलाइन का विस्तार कर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया जाएगा।
सीएमओ विजय पांडे को दी गई भावभीनी विदाई
बैठक के समापन पर नगर पंचायत से नगर पालिक निगम भिलाई स्थानांतरित हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) विजय पांडे को परिषद द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। अध्यक्ष एवं पार्षदों ने उनके पौने दो वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनकी कार्यशैली, अनुशासन और विकास कार्यों के प्रति समर्पण की प्रशंसा की तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बैठक में विधायक प्रतिनिधि व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक वर्मा, पार्षद सुरेश नेताम, दिलीप कुंभकार, ईश्वरी ध्रुवे, विनोद डेहरिया, गोपीचंद देवांगन, झरनेश कुंभकार, कविता यादव, किशुन पटेल, उमाशंकर निषाद, एल्डरमेन सैयद अजहरूद्दीन, कुंजलता हरमुख, सीएमओ विजय पांडे, उपयंत्री योगेश्वर सिंह ठाकुर सहित निकाय के विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।




