Home samachar वोट चोरी कर बनी है मोदी सरकारः कुलबीर..

वोट चोरी कर बनी है मोदी सरकारः कुलबीर..

12

0 जनचौपाल लगाकर कांग्रेस शहर की जनता को कर रहे जागरूक
राजनांदगांव। ‘वोट चोर गद्दी छोड़, वोट बचाओ देश’ अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आदेशानुसार शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के निर्देशानुसार ममतानगर में मंडल अध्यक्ष राहुल गजभिए व शांतिनगर में निरंजन पासवान के नेतृत्व में 12 नवंबर गुरुवार को जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस जनचौपाल में कांग्रेसजनों ने वार्डवासियों को वोट चोरी के मुद्दे पर जागरूक किया। इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा एवं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा की बी-टीम बनकर काम कर रहे हैं। एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

श्री छाबड़ा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी लगातार इस गंभीर मुद्दे को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को घेर रहे हैं। 01 नवंबर को दिल्ली में आयोजित महारैली में लाखों की संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि जनता वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जागरूक हो चुकी है और सरकार से जवाब मांग रही है।
कुलबीर सिंह छाबड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं तथा वोट चोरी के जरिए देश की जनता के संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार फर्जी वोटों के सहारे सत्ता में बनी हुई है। एसआईआर प्रक्रिया के तहत राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के लगभग 20 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने की जानकारी सामने आई है, जो बेहद चिंताजनक एवं अनुचित है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण मतदाता सूची से काटना उसके संवैधानिक अधिकारों का हनन है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।जनचौपाल में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व आम जनता की उपस्थिति रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here